
मस्क के सपनों को साकार करेगी यह भारतीय कंपनी, दिया भारत आने का न्यौता
नई दिल्ली।टेस्ला के सीईओ एलन मस्क पिछले कुछ सालों से भारत में कारोबार करने का सपना संजोए हुए हैं और अब तक असमंजस की स्थिति में रहे हैं, मगर अब उनके सपनों को साकार करने के लिए भारतीय वाहन विनिर्माता कंपनी अशोक लीलैंड सामने आई है। उनको अशोक लीलैंड की ओर से यहां आने का आमंत्रण मिला है। मस्क भारत को अपना बड़ा बाजार बनाना चाहते हैं। सवाल है कि क्या देसी उबड़-खाबड़ सड़कों पर विद्युत वाहन सरपट दौड़ पाएंगे।
मस्क के साथ साझेदारी करने को तैयार कंपनी
अशोक लीलैंड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और चीफ डिजिटल ऑफिसर वेंकटेश नटराजन के अनुसार, भारत के लोगों को आखिरकार पथ-प्रवर्तक ऑटोनोमस टेस्ला इलेक्ट्रिक कार में सवारी करने का अनुभव दिलाने के लिए कंपनी मस्क के साथ साझेदारी करने को तैयार है। नटराजन ने कहा, "हम मस्क के ऑफर के लिए तैयार हैं। दरअसल, मेरा मानना है कि यह महज एक साझेदार के तौर पर भारत में इलेक्ट्रिक कार के सपनों में योगदान करने की बात नहीं है, बल्कि कई एजेंसियां हैं, जो इसमें शामिल हो सकती हैं। उस समूह में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात होगी।"
नई टेक्नोलॉजी को अपनाने के लिए तैयार
नटराजन ने कहा, "मैं संगठन के दर्शन और संस्कृति की बात करता हूं। जब कभी हम नई प्रौद्योगिकी देखते हैं तो हम उसका इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं, जिस प्रकार छोटे बच्चे नए खिलौने देखकर उसके साथ प्रयोग करना चाहते हैं। हम वैसी प्रौद्योगिकी को अंगीकार करने के लिए तैयार हैं, जिसका हमारे ग्राहकों के लिए कुछ विशेष महत्व हो।"
मार्च में किया था मस्क ने ट्विट
अशोक लीलैंड की पेशकश अवश्य ही मस्क के कानों के लिए सुखद खबर होगी। भारत में कारोबार की अपनी योजना पर 10 महीने की चुप्पी के बाद मस्क ने मार्च में ट्वीट के जरिए कहा कि 2019 में या अगले साल वह भारत में जाना पसंद करेंगे। मस्क ने एक यूजर को ट्वीट करके कहा, "इस साल वहां होना पसंद करेंगे। अगर नहीं तो अगले साल निश्चित रूप से।"
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.
Published on:
21 May 2019 05:54 am
