
Black Pepper में मिलावट की जांच (representative image) image credit Magnific
Adulterated Black Pepper: काली मिर्च का इस्तेमाल चाय, सब्जी और कई तरह के व्यंजनों का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है। यह खाने का जायका बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े फायदों के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में काली मिर्च खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि बाजार में मिलावटी काली मिर्च भी मिल सकती है। कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर खरीदारी के समय मिलावटी दानों को पहचाना जा सकता है। आइए जानते हैं काली मिर्च खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
काली मिर्च खरीदते समय दानों को ध्यान से देखें। अच्छी काली मिर्च के दाने आमतौर पर गहरे भूरे से काले रंग के होते हैं और उनकी सतह थोड़ी खुरदरी और सिकुड़ी हुई दिखाई देती है। अगर एक ही पैकेट में कुछ दाने बहुत ज्यादा हल्के, चिकने या बाकी दानों से बिल्कुल अलग आकार के नजर आएं, तो उनमें मिलावट हो सकती है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI ) के अनुसार काली मिर्च की पहचान करने के लिए आप आयोडीन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए संदिग्ध मिर्च को बीच से काटकर उस पर आयोडीन का घोल डाला जाता है। काली मिर्च के दाने में मौजूद स्टार्च के कारण आयोडीन डालने पर नीला रंग दिखाई देता है। वहीं पपीते के बीज में यह प्रतिक्रिया अलग होती है और उसका रंग हल्का रहता है। इसलिए अगर कोई दाना आयोडीन डालने पर नीला रंग नहीं दिखाता है, तो वह मिलावट का संकेत हो सकता है।
काली मिर्च की पहचान के लिए आप कुछ दानों को साफ और सूखी जगह पर रखकर उंगली से हल्का दबाकर जांच कर सकते हैं। अच्छी और सामान्य काली मिर्च आसानी से टूटकर बिखरती नहीं है। वहीं बहुत हल्के या कमजोर दाने दबाने पर जल्दी टूट सकते हैं।
असली और अच्छी काली मिर्च की एक खास तेज और तीखी खुशबू होती है। कुछ दानों को हल्का सा तोड़कर या कुचलकर सूंघें। अगर काली मिर्च में सामान्य तीखी खुशबू आ रही है, तो यह अच्छी गुणवत्ता का संकेत हो सकता है। वहीं बहुत हल्की खुशबू या कोई अजीब गंध होने पर काली मिर्च की गुणवत्ता को लेकर सावधान रहना चाहिए।
काली मिर्च में पपीते के बीज की जांच करने के लिए कुछ साबुत काली मिर्च के दानों को एक साफ गिलास पानी में डालकर देखें। इस तरह की जांच में काली मिर्च के सामान्य दाने नीचे बैठ जाते हैं, जबकि पपीते के बीज ऊपर तैर सकते हैं।
मिलावट से बचने के लिए साबुत काली मिर्च ज्यादा आसानी से जांची जा सकती है, क्योंकि उसके दाने का रंग, आकार और सतह सीधे दिखाई देती है। पिसी हुई काली मिर्च में किसी बाहरी पदार्थ को केवल देखकर पहचानना मुश्किल हो सकता है। इसलिए संभव हो तो पाउडर के बदले साबुत काली मिर्च खरीदें।
Updated on:
05 Sept 2026 09:46 am
Published on:
05 Sept 2026 09:45 am
