
नौतपा से बचने के उपाय (representative image) | image credit gemini
Nautapa Diet Plan: नौतपा साल के वो 9 सबसे गर्म दिन होते हैं, जब गर्मी सबसे ज्यादा पड़ती है। ज्योतिष के अनुसार, जब सूर्य देव 'रोहिणी नक्षत्र' में आते हैं, तब नौतपा शुरू होता है। वहीं विज्ञान की मानें तो इस दौरान पृथ्वी, सूर्य के काफी करीब होती है, जिससे सूरज की किरणें सीधी पड़ती हैं और चिलचिलाती धूप व लू का खतरा बढ़ जाता है।
आमतौर पर यह 25 मई से 2 जून के बीच आता है। ऐसे में आइए क्लिनिकल डायटीशियन डॉ. अर्पणा इंदोरिया से जानते हैं इन दिनों क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
नौतपा में शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से बचने के लिए सादे पानी के अलावा आप आम पन्ना, जलजीरा, पुदीने या खीरे वाली छाछ, बेल का शरबत, जौ की राबड़ी, सत्तू, गोंद कतीरा और नींबू-पानी में सब्जा सीड्स मिलाकर पी सकते हैं। ये न सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं, बल्कि आपको दिनभर तरोताजा भी रखते हैं।
डॉ. इंदोरिया के मुताबिक, गर्मी में ऐसा खाना खाएं जो हल्का हो और आसानी से पच जाए। इसके लिए आप अपने दिन की शुरुआत फ्रिज के बदले मटके के पानी से करें।
नाश्ते में पोहा, चीला, ओट्स या थोड़े से ड्राई फ्रूट्स ले सकते हैं।
दोपहर के खाने में खरबूजा, नारियल पानी और खीरा जरूर लें। खाने में दाल, रोटी, सलाद और रायता शामिल करें। पेट को ठंडक देने के लिए 'फोग' का रायता बहुत अच्छा रहता है।
वहीं रात का खाना हल्का रखें, जिसमें आप खिचड़ी, दलिया, ताजी सब्जी के साथ रोटी या किनुआ से बनी डिश ले सकते हैं। अगर खाने का मन ना हो तो एक कटोरी दाल भी सेहत के लिए काफी अच्छी रहती है।
अगर आपने दिन में दो बार भारी खाना खा लिया है, तो अगला मील बिल्कुल हल्का रखें। ध्यान रखें कि डायबिटीज के मरीज ऊपर बताए गए किसी भी ड्रिंक्स में चीनी या मीठा बिल्कुल न डालें।
इसके अलावा चाय, कॉफी, एनर्जी ड्रिंक्स, ज्यादा मसालेदार खाना, बाहर की मिठाइयां और जंक फूड से पूरी तरह दूरी बना लें। घर से बाहर निकलते समय पानी पीकर निकलें और साथ में एक बोतल पानी जरूर रखें।
लू से बचने के लिए कोशिश करें कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। बाहर जाना जरूरी हो तो सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें, ताकि पसीना जल्दी सूख जाए। अगर कभी बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत ओआरएस (ORS) का घोल या घर पर बना ताजा फलों का जूस पिएं।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि यदि उन्हें कोई स्वास्थ्य समस्या है या किसी चीज के सेवन से मनाही है, तो उसे डाइट में शामिल करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
Published on:
19 May 2026 03:11 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
