
Solo traveling safety tips| image credit gemini
Solo Traveling Safety Tips in Hindi: पहले के समय में जहां लोग फैमिली के साथ घूमना पसंद करते थे, वहीं पिछले कुछ सालों से पार्टनर या दोस्तों के साथ घूमने का ट्रेंड चला था। लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ और ऑफिस के काम के चलते अब लोगों को एक साथ छुट्टियां नहीं मिल पा रही हैं, इसलिए लोग अब अकेले यानी सोलो ट्रैवल (Solo Travel) पर जाना पसंद करते हैं। वहीं कुछ लोगों को अकेले घूमना खुद भी पसंद होता है। ऐसे में खुद को जानने के लिए अकेले घूमना तो सही है, लेकिन अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना भी काफी ज्यादा जरूरी हो जाता है। अगर आपको भी अकेले घूमने का शौक है या इस साल गर्मियों की छुट्टियों में कहीं अकेले जाने का प्लान कर रहे हैं, तो हमारा आज का यह लेख आपके काम आ सकता है। आज के इस लेख में हम ऐसी 5 जरूरी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर आप अकेले सुरक्षित घूम सकते हैं।
ट्रिप प्लान करने के बाद और सफर पर निकलने से पहले, आप जहां जाने का प्लान कर रहे हैं वहां के बारे में अच्छे से गूगल कर लें। वहां के सुरक्षित और असुरक्षित इलाकों की एक लिस्ट बना लें। इसके साथ ही होटल या हॉस्टल बुक करते समय केवल फोटो न देखें, बल्कि वहां रुके हुए लोगों के रिव्यूज (Reviews) भी ध्यान से पढ़ें। कोशिश करें कि आप ऐसी जगह ठहरें जहां आसपास चहल-पहल हो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट आसानी से मिल जाए।
आज के समय में भले ही आप अकेले घूम रहे हों, लेकिन डिजिटल तौर पर आपको हमेशा अपनों के साथ जुड़े रहना चाहिए। अपने घर वालों या किसी भरोसेमंद को अपने सफर का पूरा प्लान (Itinerary) बताकर निकलें। इसके अलावा व्हाट्सएप पर अपनी लाइव लोकेशन शेयर करने के साथ ही जिस होटल में आप रुके हैं, उसका कार्ड या पता अपने किसी करीबी को जरूर भेजें। साथ ही होटल का पता अपने पास भी लिखकर रखें, ताकि अगर फोन की बैटरी खत्म हो जाए, तो भी आप सही जगह वापस पहुंच सकें।
सफर में सबसे ज्यादा टेंशन पैसों के खोने या चोरी होने की होती है। इसका सबसे आसान हल यह है कि आप सारा कैश एक ही वॉलेट में न रखें। अपने पैसों को तीन-चार अलग-अलग जगहों पर बांट दें। जैसे कुछ पैसे बैग में रखें तो कुछ पैसे किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर और कुछ होटल के लॉकर में रखें। इसके साथ ही अपने पास दो अलग-अलग बैंकों के कार्ड्स रखें। अगर एक कार्ड कहीं फंस जाए या काम न करे, तो आपके पास दूसरा ऑप्शन हमेशा तैयार रहेगा।
अकेले सुरक्षित रहने में आपका आत्मविश्वास और बॉडी लैंग्वेज काफी ज्यादा मददगार होती है। अकेले होने पर अगर आप डरे हुए या कन्फ्यूज दिखेंगे, तो लोग आपको आसानी से टारगेट कर सकते हैं। इसलिए अगर आप रास्ता भटक जाएं, तो सड़क के बीच में खड़े होकर फोन में मैप देखने के बजाय किसी दुकान या कैफे के अंदर जाकर रास्ता पूछें। इसके साथ ही अपनी बॉडी लैंग्वेज ऐसी रखें जैसे आप वहां के लिए नए नहीं हैं।
मुसीबत कभी बताकर नहीं आती, इसलिए उसके लिए पहले से तैयार रहना जरूरी है। अपने फोन में लोकल पुलिस, एम्बुलेंस और हेल्पलाइन नंबर्स को स्पीड डायल पर रखें। एक छोटा सा फर्स्ट-एड किट (First-aid kit) और जरूरी दवाइयां हमेशा अपने साथ रखें। वहीं अगर आप विदेश में जा रहे हैं तो अपनी एम्बेसी का नंबर और पता पहले से नोट कर लें। इसके अलावा, अपने बैग में एक पावर बैंक और पेपर मैप रखने के साथ ही महंगे गहने और बहुत ज्यादा चमक-धमक वाले मंहगे सामान पहनने से बचें ताकि आप भीड़ में एक दम अलग से नजर न आएं।
Updated on:
11 Apr 2026 03:44 pm
Published on:
11 Apr 2026 03:41 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
