19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लखनऊ में दर्दनाक हादसा, पिता के साथ खाना खाकर खेलने गई मासूम की गेट के नीचे दबने से गई जान

Lucknow News: लखनऊ में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां खेलते समय एक बच्ची लोहे के भारी गेट के नीचे दब गई। इस हादसे में बच्ची की मौत हो गई है।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Mohsina Bano

Jun 19, 2026

Lucknow News, UP News, Lucknow Accident, PGI Lucknow, Mohiddinpur News, Innocent Girl Died, Iron Gate Accident, UP News

लोहे के गेट के नीचे दबकर बच्ची की मौत (फोटो- पत्रिका)

Lucknow Accident News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र स्थित मोहिद्दीनपुर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां खेलते समय घर के भारी लोहे के गेट के नीचे दबने से दो साल की मासूम बच्ची अन्वी की मौत हो गई। इस घटना ने पल भर में हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया की मासूम ने कुछ देर पहले ही अपने पिता के साथ खाना खाया और उसके बाद बाहर खेलने चली गई। मासूम अन्वी की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।

अचानक भरभराकर गिरा भारी गेट

मोहिद्दीनपुर निवासी सूरज अपनी पत्नी सीमा और दो बेटियों चार वर्षीय श्रेष्ठी और दो वर्षीय अन्वी के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे अन्वी ने अपने पिता के साथ खाना खाया और फिर घर के बाहर खेलने चली गई। इसी दौरान अचानक घर का भारी भरकम लोहे का गेट भरभराकर गिर पड़ा और नन्ही अन्वी उसके नीचे दब गई। परिजनों के मुताबिक बच्ची की मां सीमा अपनी बड़ी बेटी को ट्यूशन छोड़ने गई थी, उसी दौरान ये हादसा हुआ। सूरज कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गेट गिरने की आवाज और बच्ची की चीख सुनकर परिजन तुरंत दौड़े और आनन-फानन में उसे गेट के नीचे से निकालकर गंभीर हालत में पीजीआई एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम अन्वी की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव को घर ले आए।

रो रोकर परिवार का बुरा हाल

अस्पताल में बच्ची की मां सीमा का रो रोकर बुरा हाल था। वहीं चार साल की बड़ी बहन श्रेष्ठी बार बार अपनी छोटी बहन को खोज रही थी। उसकी मासूम बातों को सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।