
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय। फोटो सोर्स-पत्रिका
Ajay Rai UPI Tax PM Modi Birthday Gift Statement:उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए यूपीआई पर लगाए गए नए शुल्क को उनके जन्मदिन का अनोखा तोहफा बताया है। अजय राय ने कहा कि निश्चित रूप से हमारी पार्टी ने जो कहा है, वह मोदी जी को तोहफा है। और मोदी सरकार ने भी देश को एक अनोखा तोहफा दिया है। यूपीआई पर 0.4 प्रतिशत टैक्स लगाकर उन्होंने अपने जन्मदिन पर जनता को अनोखा गिफ्ट दिया है। देश की जनता भी उन्हें बहुत जल्द वापसी का तोहफा देने वाली है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में यूपीआई के जरिए 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यापारी भुगतानों (पर्सन-टू-मर्चेंट) पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाने का फैसला किया है, जो 15 अक्टूबर से लागू होगा। सरकार का दावा है कि यह शुल्क ग्राहकों से नहीं, बल्कि व्यापारियों से लिया जाएगा और व्यक्ति-से-व्यक्ति भुगतान तथा 2,000 रुपये तक के लेन-देन मुफ्त रहेंगे।
कांग्रेस इसे ‘मोदी टैक्स’ बताते हुए आम जनता पर बोझ बढ़ाने वाला कदम करार दे रही है। अजय राय ने आरोप लगाया कि मुफ्त यूपीआई का वादा तोड़कर सरकार ने जनता को जन्मदिन का ऐसा गिफ्ट दिया है, जिसका जवाब जनता आने वाले दिनों में देगी।
कांग्रेस द्वारा 2,000 रुपये से अधिक के व्यापारिक यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत शुल्क का विरोध किए जाने पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब इस पूरे मामले का अध्ययन करने के लिए संसदीय उपसमिति गठित हुई थी, तब उसकी रिपोर्ट में किसी भी तरह की असहमति का एक भी वाक्य नहीं था।
शाहदेव ने कहा कि उस रिपोर्ट में कांग्रेस के पांच सांसदों- चिदंबरम, गोगोई और अन्य - ने कहीं भी असहमति व्यक्त नहीं की। बल्कि उन्होंने कहा कि यूपीआई पर शुल्क लगाना आवश्यक है। हमारी सरकार की उपलब्धि है कि हमने व्यक्ति-से-व्यक्ति यूपीआई लेनदेन पर शून्य शुल्क बनाए रखा है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब राजनीतिक फायदे के लिए वही बातें भूल रही है, जिनका समर्थन उसके सांसद पहले कर चुके हैं।
Updated on:
18 Sept 2026 05:30 pm
Published on:
18 Sept 2026 02:32 pm
