अखिलेश का फॉर्मूला मानेंगी मायावती?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव की नजर सिर्फ लखनऊ पर है। वे भले ही अगले साल लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं, लेकिन उनकी नजर 2022 के विधानसभा चुनाव पर है। वह कह भी चुके हैं कि मैं प्रधानमंत्री बनने का सपना नहीं देखता, लेकिन मुख्यमंत्री जरूर बनूंगा। इसके लिये वह मायावती को सम्मानजनक सीटें भी देने को तैयार हैं। अखिलेश मायावती के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं कि दिल्ली की सियासत में मायावती सीनियर पार्टनर बनकर रहें और यूपी में अखिलेश यादव। मायावती भी यह सब समझती हैं, इसलिये गठबंधन से पहले वह सब कुछ ठोक-बजाकर देख लेना चाहती हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मायावती इतनी जल्दी लखनऊ की गद्दी अखिलेश के हवाले नहीं करेंगी। वह तो लोकसभा चुनाव में अखिलेश को पीछे करना चाहती हैं, ताकि 2022 में जब विधानसभा चुनाव हो तो बीजेपी की टक्कर देने के लिये बसपा खड़ी हो न कि समाजवादी पार्टी।