29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यूपी में एक और विशालकाय प्रतिमा लगवाने जा रही है योगी सरकार, अब नजर इस पार्टी के वोट बैंक पर

मूर्तियों की राजनीति- योगी आदित्यनाथ सरकार की इस घोषणा को आम चुनाव से पहले सपा-बसपा के संभावित गठबंधन से निपटने की चुनौतियों के तौर पर देखा जा रहा है
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Hariom Dwivedi

•

Updated: 1 Jan 2019, 4:23 PM IST

Yogi Adityanath

मूर्तियों की राजनीति! यूपी में एक और विशालकाय प्रतिमा लगवाने जा रही है योगी सरकार, नजर बसपा के वोट बैंक पर

लखनऊ. योगी आदित्यनाथ सरकार पासी समाज की वीरांगना ऊदा देवी की 100 फीट की प्रतिमा लखनऊ में लगवाने जा रही है। सरकार की इस घोषणा को आम चुनाव से पहले सपा-बसपा के संभावित गठबंधन से निपटने की चुनौतियों के तौर पर देखा जा रहा है। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजीपुर में पासी समाज के महाराजा सुहेलदेव के नाम पर डाक टिकट जारी कर इस समुदाय को लुभाने की कोशिश की थी। अब ऊदा देवी पासी की विशालकाय प्रतिमा बनवाने के फैसले को इसी दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर ने कहा कि पासी समाज का हर व्यक्ति वीरांगना ऊदा देवी की 100 फीट की प्रतिमा के लिए लोहा जुटाएगा। पासी समाज से अपील करते हुए सांसद ने कहा कि सभी लोग वाट्सएप और फेसबुक से सरकार की इस पहल का प्रचार करें, ताकि जल्द से जल्द ऊदा देवी की प्रतिमा लगाई जा सके। उन्होंने बताया कि महाराज बिजली पासी के किले के नवीनीकरण के लिए भी करीब 205 करोड़ का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया है। स्वीकृति के बाद बिजली पासी के किले का रिनोवेशन कर शानदार मेमोरियल बनवाया जाएगा।

1857 के स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाली ऊदा देवी की विशालकाय प्रतिमा के अलावा राज्य सरकार लखनऊ में ही उनके नाम से मेमोरियल और एक पार्क भी बनवाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में अभी तक मायावती ने ही दलित महापुरुषों के नाम पर मूर्तियां और पार्क बनवाने का काम किया है। अब बीजेपी बसपा के वोट में सेंध लगाकर पिछला रिकॉर्ड दोहराना चाहती है। दरअसल 2014 और 2017 में पासी समाज ने बीजेपी को जमकर वोट किया। इसके चलते ही 2014 में बीजेपी के 71 में से 06 सांसद और 2017 में 310 में 23 विधायक पासी समाज के चुनकर आये।

मसूरिया दीन पासी की जयंती मनाएगी बीजेपी
बीते 30 दिसम्बर को राजधानी के विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा के अनुसूचित जाति सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि ऊदा देवी की प्रतिमा और उनके नाम पर बना मेमोरियल व पार्क लोगों को प्रेरित करेगा। लाखन पासी के नाम पर पहले ही पार्क की मंजूरी दी जा चुकी है, जल्द ही उसका भी निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। डिप्टी सीएम सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दो अक्टूबर को गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के साथ ही मसूरिया दीन पासी की जयंती भी मनाएगी।

यूपी में इनकी भी लगेगी प्रतिमा
योगी सरकार बीते दिनों अयोध्या में सरयू तट पर 221 फीट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा बनवाने का ऐलान कर चुकी है। हाल ही में लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा बनवाने की घोषणा की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में महंत दिग्विजय नाथ और महंत अवैद्यनाथ के नाम पर प्रतिमा बनवाने की भी राज्य सरकार घोषणा कर चुकी है।

कौन थीं ऊदा देवी
1857 के स्वतंत्रता आंदोलन में ऊदा देवी पासी ने भारतीय सेना की ओर से युद्ध में भाग लिया था। सैनिक विद्रोह के समय लखनऊ के सिकंदरबाग में शरण लिये 2000 भारतीय सैनिकों का ब्रिटिश फौजों ने संहार कर दिया था। इस लड़ाई के दौरान पुरुषों की पोशाक में ऊदा देवी युद्ध में कूद पड़ीं। इस दौरान उन्होंने करीब तीन दर्जन ब्रिटिश सैनिकों को मार गिराया। गोला-बारूद खत्म होने के बाद वह भी शहीद हो गईं।