
लखनऊ. प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चल रहे इन्वेस्टर्स समिट में हिस्सा लेने पहुंची भारत सरकार की खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने योगी सरकार की पहल की तारीफ़ की और पिछली सरकार की जमकर आलोचना की। पत्रिका से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पिछली अखिलेश सरकार में इच्छाशक्ति की कमी थी जिसके कारण राज्य में उद्योगों का विकास नहीं हो सका।
प्रदेश में तीन मेगा फ़ूड पार्क स्वीकृत
केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि फ़ूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में कई प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए हैं। प्रदेश में तीन मेगा फ़ूड पार्क स्वीकृत हुए हैं। प्रदेश में 42 किसानों ने फ़ूड पार्कों के लिए आवेदन किये हैं। उद्योगों के लिए जमीन चाहिए। पहले सरकारें मदद नहीं करती थीं। अब उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में उद्यमियों को सहूलियत दी जा रही है और उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है।
योगी सरकार की सराहना
निरंजन ज्योति ने कहा कि समिट के दौरान बुंदेलखंड और पूर्वांचल चर्चा में रहें। ये क्षेत्र विकास में अछूते रहे हैं। नदियों को जोड़ने का प्रोजेक्ट में तत्कालीन प्रदेश सरकार ने सक्रियता नहीं दिखाई और डीपीआर तक तैयार नहीं की। प्रदेश में एक साल से इस पर काम चल रहा है। अब नदियों को जोड़ने का काम शुरू हो गया है। निरंजन ज्योति ने पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इससे पहले की सरकार में निवेशक तैयार थे लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार को सिर्फ सैफई में ही निवेश दिखता था। उत्तर प्रदेश में एक साल में इतना बड़ा निवेश होना बड़ी उपलब्धि है।
Published on:
22 Feb 2018 12:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
