
कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया बड़ा ऐलान, बकरीद को लेकर भी की अहम घोषणा
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) को लेकर काफी सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने प्रदेश में कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू करने का निर्देश देते हुए साफ कहा कि आलाधिकारी उस दौरान माहौल बिगाडऩे वालों से सख्ती से निपटें। सीएम योगी ने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे (DJ) बंद नहीं होंगे लेकिन सिर्फ भजन बजाने की ही अनुमति होगी। प्रदेश में एक महीने तक चलने वाली कांवड़ यात्रा 17 जुलाई से शुरू हो रही है। सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की साजिश लगातार रच रहे हैं, इनकी मंशा को कतई कामयाब नहीं होने देना है। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों को पहले से ही चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही जो भी लोग उनको संरक्षण दे रहे हों उन पर भी ऐक्शन हो। योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्था के बारे में सभी अधिकारी कुंभ से सीख लें। सीएम योगी ने यह निर्देश मंडल और जिले के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ विडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Yogi Video Conferencing) के दौरान दिये।
डीजे पर नहीं रहेगा प्रतिबंध
सीएम योगी ने साफ किया कि कांवड़ यात्रा में पहले की तरह डीजे और माइक पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा लेकिन डीजे की आवाज कानों को चुभने वाली कतई नहीं होनी चाहिए। सभी इस बात का खास ध्यान रखेंगे कि डीजे पर सिर्फ भजन ही बजें, फिल्मी और अश्लील गाने न बजने पाएं। उन्होंने कहा कि दिये गए निर्देशों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ के बाद से ही छठ तक त्योहारों का एक लंबा सिलसिला चलने वाला है। कांवड़ यात्रा का बेहतर संदेश सभी पर्वों एवं त्योहारों तक जाएगा।
बकरीद (Eid al-Adha) को लेकर रखें सावधानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बकरीद (Bakrid) का त्योहार भी पड़ेगा। इस साल बकरीद और कांवड़ यात्रा की अंतिम सोमवारी एक ही दिन 12 अगस्त को है। जिससे वह समय और भी ज्यादा संवेदनशील हो जाएगा। इसलिए सभी अफसर इस बात को सुनिश्चित कर लें कि कहीं पर अलग से कोई नई परंपरा न शुरू हो। साथ ही प्रतिबंधित श्रेणी का कोई जानवर बकरीद के दौरान न कटने पाए। सार्वजनिक क्षेत्रों पर भी जानवर नहीं काटे जाएंगे। प्रदेश के सभी संवेदनशील जगहों को चिन्हित करें और वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगवाएं। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले जर्जर तार और पोलों को ठीक करा लें। उन्होंने कहा कि डीएम और एसएसपी जेलों का नियमित निरीक्षण करें। आईजी, डीआई और कमिश्नर भी जेलों का औचक निरीक्षण करें। कप्तान प्रतिदिन एक थाने का निरीक्षण करें।
साफ-सफाई के दिये निर्देश
सीएम ने सभी जिलाधिकारियों को उनके क्षेत्र में पड़ने वाले प्रमुख शिवालयों की साफ-सफाई के निर्देश दिये। साथ ही जरूरत के हिसाब से वहां बिजली, पानी मुहैया कराने की बात कही। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर खास काम करने की बात कही। महिलाओं की सुरक्षा समेत दूसरी बुनियादी सुविधाओं को ठीक से जांचकर कमी को दूर करने के लिए कहा। सीएम ने कावड़ियों की सुरक्षा की निगरानी हेलिकॉप्टर से करने के साथ ही, उन पर पुष्पवर्षा भी कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिवालयों के पास मांस-मदिरा की दुकान और अवैध बूचड़खाने न हों। साथ ही प्लास्टिक, थर्माकोल का प्रयोग भी नहीं होना चाहिए। मौके पर पर्याप्त मात्रा में डस्टबिन रखवाए जाएं।
Published on:
4 Jul 2019, 1:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.