
CM Yogi in Vidhansabha
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए सदन को संबोधित किया। उन्होंने सरकार के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का परिचय दिया और भावी कार्ययोजना बताईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार के कारण प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। यूपी चुनाव के दौरान हिंसा नहीं हुई पर इसके पहले क्या होता था, यह सब जानते हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार न होती तो चुनाव में हिंसा होता। भाजपा सरकार ने प्रदेश को दंगामुक्त कर नए भारत देश का नया उत्तर प्रदेश राज्य बनाया है। जनता ने तमाम अफवाहों को दरकिनार किया। 37 वर्षों के बाद कोई सरकार फिर से आई है और धमाकेदार ढंग से अपना काम कर रही है। उन्होंने सपा सरकार पर शायराना अंदाज में कटाक्ष करते हुए कहा 'नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, जमीं पर चांद-सितारों की बात करते हैं... हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, सभा में सुधारों की बात करते हैं।'
पहले योग्य अभ्यर्थियों को नहीं मिलता था मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक लाख 54 हजार पुलिस भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। पहले ऐसा नहीं हो पाता था। योग्य अभ्यर्थियों को मौका नहीं मिल पाता था। पुलिस सुधार हुआ है। यह सब भाजपा सरकार के कारण ही है। किसानों के लिए भाजपा सरकार ने 2017 में सत्ता में आते ही 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। जबकि 2004 से 2017 के बीच प्रदेश में सर्वाधिक किसानों ने आत्महत्या की।
विपक्ष पर साधा निशाना
विधानसभा में मुख्यमंत्री बोले कि नेता प्रतिपक्ष की कुछ बातों पर मुझे आश्चर्य हो रहा था। एक होता है व्यक्ति चुनावी सभाओं में बोलता है। मीठी-मीठी बातें करता है। लेकिन सदन में अगर जमीनी धरातल की बात होती तो बेहतर होता। हमें अपने कार्यों से जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त होता है। जनता का जनादेश भाजपा नेतृत्व के कार्यों के प्रति एक आशीर्वाद है। हम ढिंढोरा पीट कर नहीं कहते कि हमने एक्सप्रेस वे बना दिया, एयर कनेक्टिविटी दे दी। मुख्यमंत्री योगी ने सपा सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में आए दिन घोटाले हुआ करते थे।
औने पौने दाम पर बेच दी जाती थी चीनी मिलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय चीनी मिलें औने पौने दाम पर बेंच दी जाती थीं। चौधरी चरण सिंह जी की भूमि रमाला की चीनी मिल के बारे में किसी ने नहीं सोचा। हमारी सरकार ने एक नई चीनी मिल लगाई। हमने भारत सरकार से अनुरोध किया कि हमारी चीनी मिलों को इथेनॉल से जोड़ा जाए। आज उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा एथेनाल उत्पादक राज्य हो गया। जो पैसा बाहर जाता था आज किसानों के घरों में जा रहा है। इसने किसानों की आय बढाई है।
बाणसागर, अर्जुन सहायक और सरयू नहर सहित 20 सिंचाई परियोजना को पूरा किया। वर्तमान में 21 लाख हेक्टेयर अतितिक्त सिंचन क्षमता बढ़ी है। 45 लाख किसान लाभान्वित हुआ है। पर ड्राप मोर क्रॉप के अच्छे नतीजे बुंदेलखंड में मिले हैं। पिछली सरकारें प्रदेश में श्रमिकों को समस्या मानती थी। मगर, पिछली सरकार और भाजपा सरकार में यही फर्क है। यह लोग समस्या पर चिंतन करते हैं, हम समाधान करते हैं।
Published on:
27 May 2022 02:19 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
