29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘घबराओ मत हम करवाते हैं’, CM योगी ने जनता दर्शन के दौरान दिया भरोसा; बोले- कोई खुद को असहाय ना समझे

CM Yogi On Medical Assistance: गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों की फरियाद पर CM योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जल्द एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एस्टीमेट मिलते ही सरकार इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी।
3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

Aug 29, 2026

cm yogi treatment financial assistance up government help

जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ। फोटो सोर्स- X (@Dinehshukla)

CM Yogi On Medical Assistance: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा। शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। उनकी समस्याएं सुनने के बाद CM योगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज से संबंधित एस्टीमेट जल्द से जल्द तैयार कराकर भेजे जाएं। एस्टीमेट प्राप्त होते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक मजबूरी किसी मरीज के उपचार में रुकावट नहीं बननी चाहिए।

‘कोई खुद को असहाय न समझे’, CM योगी ने दिया भरोसा

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खुद को असहाय महसूस ना करे। सरकार मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए।

CM योगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों को समय पर सहायता मिले और किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री

गोरखनाथ मंदिर में शनिवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग जिलों से आए करीब 200 लोगों से मुलाकात की। वह कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास खुद पहुंचे और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके मामलों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का पारदर्शी तरीके से समाधान कराया जाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

जनता दर्शन में लोगों की शिकायतें सुनने के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के लिए बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर भी निर्देश

जनता दर्शन में राजस्व और कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने पहुंचीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को ऐसे मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पारिवारिक विवादों में संवाद पर जोर

जनता दर्शन के दौरान कुछ लोग पारिवारिक विवादों से संबंधित शिकायतें लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों के बीच बातचीत और संवाद की पहल की जाए। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ने से रोका जा सके। वहीं एक महिला की शिकायत सुनने के बाद उन्होंने महिला से कहा, ''घबराओ मत हम करवाते हैं।''

गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शनिवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर श्रद्धापूर्वक शीश नवाया। पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोसेवा की और गायों तथा गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़-पूड़ी खिलाई। इसके बाद उन्होंने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।