27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हर जिला-हर ब्लॉक में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हर जिला-हर ब्लॉक में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, भारत बंद का असर यूपी में भी दिखेगा, विपक्षी दल भी देंगे साथ
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Prashant Srivastava

•

Updated: 9 Sep 2018, 3:59 PM IST

rajbabbar

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हर जिला-हर ब्लॉक में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

लखनऊ. पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को भारत बंद का आवाहन किया जिसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि हर जिले व ब्लॉक स्तर पर सरकार को घेरने की योजना है।राजबब्बर ने रविवार को दावा किया कि पेट्रोलियम पदार्थों में बेहताशा मूल्य वृद्धि के खिलाफ व्यापक पैमाने पर जनसमर्थन मिल रहा है। कई विपक्षी दल भी इस प्रदर्शन में कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं। इसके अलावा व्यापारी संगठनों से भी इसमें समर्थन की अपील की गई है।


तमाम संगठनों से साथ आने की अपील

राजबब्बर ने कहा हैकि भाजपा यह साबित करने की कोशिश कर रही है कि विपक्ष गलतफहमी में है। तेल कीमतों के विरोध में विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। अन्य पार्टियां अपने-अपने ढ़ंग से विरोध कर रही हैं। यहां तक कि सरकार की सहयोगी पार्टी शिवसेना भी तेल की कीमतों के मुद्दे पर सरकार के विरोध में है। राजबब्बर ने समाज के सभी से अपील की है कि वह व्यापक जनहित के इस कार्यक्रम को अपना पूर्ण समर्थन दें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी कांग्रेसजनों से 10 सितम्बर के इस ‘भारत बन्द’ को सफल बनाने हेतु जिला, शहर, ब्लॉक, वार्ड स्तर पर एवं कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी फ्रन्टल, प्रकोष्ठों एवं विभागों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में जनता की सहभागिता सुनिश्चित कर ‘भारत बन्द’ को सफल बनाएं।

बीजेपी की बैठक पर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजबब्बर ने आरोप लगाया कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश के ज्वलंत मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई। पहला- महंगाई और दूसरा राफेल डील। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल के दाम रोज बढ़ रहे है। अब तक इससे पहले कभी इतने दाम नहीं बढ़े। महंगाई से जनता त्रस्त है लेकिन भाजपा के लिये यह मुद्दा नहीं है।इसी तरह राफेल दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। परंतु भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस पर भी बात नहीं हुई। बैठक में चुनाव जीतने के प्रबंधन पर बात हो रही है। जनहित के मुद्दों से भाजपा को कोई लेना देना नहीं। बब्बर ने कहा कि कांग्रेस के बंद को डीएमके और आरजेडी ने खुला समर्थन दिया है। जबकि भाजपा के सहयोगी दल भी बढ़ती महंगाई से नाराज है। उन्होंने बन्द की सफलता का दावा किया।


'जय श्री राम' के मुकाबले 'हर-हर महादेव'

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का रुख बदला-बदला सा दिखा। बीजेपी के जय श्री राम के मुकाबले में कांग्रेस नेता हर-हर महादेव बोलते दिखे। जब राजबब्बर से राहुल गांधी से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब में हर-हर महादेव बोला। उनके साथ अन्य कांग्रेस भी हर-हर महादेव जपते दिखे। इससे साफ दिखा कि कांग्रेस ने जय श्री राम के मुकाबले हर-हर महादेव निकाल लिया। 2019 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की राह पर है।

ये है प्लानिंग, कार्यकर्ताओं ने की तैयारी

प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की जनता महंगाई के बोझ तले दबी हुई है। पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई पर आग में तेल डालने का काम किया है। भाजपा को अपनी इस मनमानी का खामियाजा उठाना पडे़गा। जनता अब बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।उन्होंने कहा कि सेवादल, महिला और युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को बंद सफल बनाने में जुटने के लिए कहा है। प्रत्येक जिले में एक वरिष्ठ नेता बतौर पर्यवेक्षक रहेगा जो बंद को व्यवस्थित करने का काम करेगा। व्यापारी, श्रमिक, छात्र और किसानों की सहभागिता बंद को सफल बनाने में महत्वपूर्ण होगी। इसको लेकर रविवार देर शाम कांग्रेस कार्यताओं ने तैयारी भी की।