
फोटो सोर्स : Patrika : रेस्क्यू अभियान
District Administration Rescue Operation: लखनऊ जिला प्रशासन ने शहर में आश्रयहीन और असहाय व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी श्री विशाख जी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 जून 2025 से "अपना घर आश्रम" संस्था के सहयोग से एक व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थलों से आश्रयहीन, असहाय और भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर उन्हें चिकित्सा, आश्रय और पुनर्वास सेवाएं प्रदान करना है। रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों को आवश्यकतानुसार चिन्हित चिकित्सालयों में भर्ती कराकर उनका इलाज करवाया जाएगा, और फिर उन्हें रैन बसेरों या "अपना घर" शेल्टर होम में आश्रय दिया जाएगा।
रेस्क्यू वाहन और रूट प्लान: अभियान के तहत दो-दो रेस्क्यू वाहन चार अलग-अलग रूटों पर तैनात किए जाएंगे। इन रूटों की योजना पहले से तैयार की जा चुकी है, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
प्रशासनिक सहयोग: रेस्क्यू वाहनों के साथ स्थानीय अपर नगर मजिस्ट्रेट और एसीपी भी अभियान में शामिल रहेंगे, ताकि आश्रयहीन व्यक्तियों की पहचान और रेस्क्यू की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया जा सके। इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय ब्रजेश वर्मा होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, "अपना घर" संस्था के प्रबंधक, "उम्मीद" संस्था के सचिव, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर के सेंटर मैनेजर, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी विशाख जी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, ताकि रेस्क्यू अभियान सुरक्षित और सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान शहर में आश्रयहीन और असहाय व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Published on:
03 Jun 2025 09:34 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
