
कूरियर सेवा के प्रोपराइटर रामनारायन पांडेय बताते हैं कि कूरियर कंपनी और पोस्टल डिपार्टमेंट से सामान भेजने के रेट में काफी अंतर है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ/सुलतानपुर. भारतीय डाक विभाग से सामान भेजना प्रावइेट कूरियर से कहीं सस्ता है। बावजूद, बड़ी संख्या में आज भी लोग सरकारी डाक के बजाय कूरियर से सामान भेजना पसंद करते हैं। जानकारों की मानें तो इसकी वजह 'टाइम' है। उपभोक्ता को लगता है कि प्राइवेट कूरियर कंपनी का पार्सल तय समय पर पहुंचता है, जबकि डाक विभाग कुछ अधिक घंटे ले लेता है। इसे देखते हुए डाक विभाग ने इसी महीने एक्सप्रेस पार्सल पोस्ट (ईपीपी) सेवा शुरू की है, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर दो किलो ग्राम तक का पार्सल अब मात्र 25 रुपये में भेजा जा सकेगा, जबकि कूरियर कंपनी सैकड़ों रुपए लेंगी। आपके सामान की पोस्टेज वैल्यू कितनी है, घर बैठे ही इसे पता कर सकते हैं। इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है।
सुलतानपुर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर अनिल कुमार ने बताया कि भारतीय डाक विभाग ने उपभोक्ता बाजार में अपनी मौजूदगी बनाये रखने के लिए पार्सल दरों में 12 से 36 फीसदी तक की कटौती की है। विभाग ने इसी महीने एक्सप्रेस पार्सल पोस्ट (ईपीपी) सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर दो किलो ग्राम तक का पार्सल अब मात्र 25 रुपये में भेजा जा सकेगा। भेजे गए सामान को क्षति पहुंचने पर डाक विभाग उपभोक्ता को अधिकतम 500 रुपये तक का हर्जाना भी देगा।
कैसे सस्ता है डाक विभाग से सामान भेजना?
सुलतानपुर की नारायण कुरियर सेवा के प्रोपराइटर रामनरायन पांडेय बताते हैं कि कूरियर कंपनी और पोस्टल डिपार्टमेंट से सामान भेजने के रेट में काफी अंतर है। पोस्ट ऑफिस से ऑल ओवर इंडिया 500 ग्राम तक का कोई भी सामान भेजने पर टोटल 36 रुपए होते हैं, जबकि इतने ही वेट वाले सामान को कूरियर कंपनी से भेजने पर 100 से लेकर 155 रुपए तक का खर्च आता है। साधारण लेटर बन्द लिफाफा डाक विभाग के स्पीड पोस्ट से भेजने पर 42 रुपये चार्ज लगता है वहीं, निजी कूरियर से इसके एवज में 60 से 70 रुपए देने पड़ते हैं। जबकि अच्छी कुरियर सेवा का दम भरने वाली कुछ कुरियर सेवाएं इस काम के 80 से 100 रुपए लेती हैं।
घर बैठे पता करें डिलीवरी चार्ज
डाक विभाग के जरिये कोई भी सामान भेजने पर डाक शुल्क का भुगतान करना होता है। शुल्क कितना होगा, यह आपके द्वारा भेजे
जाने वाले सामान के आकार, वजन और गंतव्य की दूरी पर निर्भर है, जिसे आप घर बैठे पता कर सकते हैं। इसके लिए आपको
भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट (https://www.indiapost.gov.in/VAS/Pages/CalculatePostage.aspx#) जाना होगा, जहां पोस्टेज वैल्यू आप खुद कैल्कुलेट कर सकते हैं।
पोस्टेज वैल्यू पता करने का तरीका
वेबसाइट पर कैलकुलेट पोस्टेज पर क्लिक करें। सिलेक्ट करें कि सामान देश के अंदर ही भेजना चाह रहे हैं या फिर देश के बाहर। देश के अंदर भेजना है तो जहां से भेज रहे हैं, वहां का पिन कोड डालें और फिर जहां के लिए भेजना चाह रहे हैं, वहां का पिन कोड डालें। इसके बाद आइटम सिलेक्ट करें, फिर उसका वजन, लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई भरें। इसके बाद गेट अवेलेबल सर्विस पर क्लिक करें। कैप्चा कोड भरें और गेट प्राइस पर क्लिक करें। ऐसा करते ही आपको पार्सल की पोस्टेज वैल्यू पता चल जाएगी।
Updated on:
9 Feb 2021, 6:05 PM IST
Published on:
9 Feb 2021, 6:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.