AIMIM और आजाद समाज पार्टी (ASP) के गठबंधन को लेकर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने यह गठबंधन भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए किया है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र में भी ओवैसी ने छोटी पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और बिहार में भी इसी तरह का प्रयोग किया। अब उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन करके वोटों को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से बहुत नाराज है। ऐसे में भाजपा चाहे जितने गठबंधन कर ले, प्रदेश से उसकी सरकार का जाना तय है। प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन की सरकार आएगी।