
आसमान में पहुंचे सरिया के दाम, बालू और सीमेंट भी हुई काफी महंगी, जानें ताजा रेट
लखनऊ. नया मकान बनाना या उसकी रिपेयरिंग कराना आसान नहीं रहेगा। दरअसल कच्चा माल काफी महंगा होने के चलते सरिया के दाम अचानक तेजी से बढ़ गए हैं। आपको बता दें कि 12 दिन पहले जो सरिया 4800 रुपये प्रति कुंतल बिक रही थी, उसके दाम अब बढ़कर 6000 रुपये प्रति कुंतल पहुंच गए हैं। यानि सरिया 1200 रुपये प्रति कुंतल महंगी हो गई है। इसके अलावा सीमेंट, बालू के दाम भी काफी बढ़ गये हैं। इन सबसे के दाम बढ़ने से अब मकान बनवाना भी काफी महंगा हो गया है।
बढ़े सरिया और सीमेंट-बालू के दाम
उत्तर प्रदेश सीमेंट व्यापार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्याम मूर्ति गुप्ता के मुताबिक कोरोना काल में कच्चा माल महंगा होने का सीधा असर सरिया के दामों पर पड़ा है। नवंबर में सरिया के दाम 3900 रुपये प्रति कुंतल थे। अब तक 2100 रुपये प्रति कुंतल का सरिया के दामों में उछाल आ गया है। वहीं दो महीने पहले 50 किलो की सीमेंट की बोरी 325 से 360 रुपये में बिक रही थी। जबकि इस समय सीमेंट की बोरी 380 से 390 रुपये में बिक रही है। इसके अलावा बालू के दाम 16 रुपये प्रति घन फीट से 20 रुपये प्रति घन फीट हो गए हैं।
नहीं बढ़े ईंट और गिट्टी के दाम
लखनऊ ब्रिक क्लिन एसोसिएशन के महामंत्री मुकेश ने के मुताबिक अभी फिलहाल ईंट और गिट्टी के दाम नहीं बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि अच्छी क्वालिटी का एक हजार ईट 8000 रुपये में मिल रहा है। हालांकि नल फिटिंग से लेकर शौचालय में लगने वाले फाइबर पाइप के दामों में भी करीब 25 प्रतिशत की लागत बढ़ गई है। ऐसे में उनके दाम भी जल्द ही बढ़ सकते हैं।
Updated on:
6 Apr 2021, 1:49 PM IST
Published on:
6 Apr 2021, 1:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.