
संसदीय दल में मायावती ने इन दिग्गज नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की चीफ मायावती ने नगीना लोकसभा सीट से चुनाव जीते गिरीश चंद्र को बसपा संसदीय दल का नेता और जौनपुर के सांसद श्याम सिंह यादव को उपनेता चुना है। गिरीश चंद्र 2007-12 में भी विधायक रहे हैं। इसके अलावा वे मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर और मेरठ मंडल के संगठन की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
गिरीश चंद्र 2014 का लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। लेकिन इस बार उन्होंने नगीना सुरक्षित सीट से भाजपा के डॉ. यशवंत सिंह को 1.67 लाख वोटों से हराया। इस सीट से पहले मायावती के चुनाव लड़ने की चर्चा थी लेकिन ऐन वक्त पर बसपा ने उम्मीदवार बदल दिया। वहीं उपनेता बने श्याम सिंह यादव सेवानिवृत पीसीएस अधिकारी और यूपी रायफल एसोसिएशन के चेयरमैन हैं।
दानिश अली को बनाया मुख्य सचेतक
संसदीय दल की बैठक में जनता दल (सेक्युलर) और अमरोहा सीट से सांसद दानिश अली को मुख्य सचेतक का दायित्य सौंपा गया। बता दें कि दानिश अली के दादा कुंवर महमूद अली 1962 में विधायक और 1977 में हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे।
चुनावी नतीजों की भी समीक्षा
संसदीय दल की बैठक के साथ ही मायावती ने चुनावी नतीजों की भी समीक्षा की। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाया। बसपा ने 38 सीटों पर और सपा ने 37 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। सपा ने 5 और बसपा ने 10 सीटें जीती। कुल मिलाकर गठबंधन ने मात्र 15 सीटें जीतीं। भाजपा और उसके सहयोगी अपना दल (एस) ने 64 सीटें जीती।
Updated on:
28 May 2019, 3:14 PM IST
Published on:
28 May 2019, 2:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.