
road accident
कानपुर देहात. जहाँ घटना दुर्घटना की सूचना मिलने पर यूपी डायल 100 पुलिस की सक्रियता देखते ही बनती है, वहीं स्थानीय पुलिस की लापरवाही दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है। मंगलपुर थाना क्षेत्र के कंचौसी नहरपुल पर घर से बाजार की तरफ बाइक से जा रहे एक नेवी के जवान को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही जवान उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा और बेहोश हो गया। लहूलुहान हुए जवान को देख गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। वहीं मौके पर कुछ लोगों ने स्थानीय कंचौसी पुलिस को घटना की सूचना दी।
इधर ग्रामीणों ने ट्रक को खड़ा कर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और जमकर हंगामा काटने लगें। घायल जवान के रक्तश्राव देख स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना देते हुए ठिलिया पर जवान को लादकर अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद कंचौसी चौकी पुलिस मौके पर नही पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया। तब जाकर थाना पुलिस के साथ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी पुलिस की निष्क्रियता देख ग्रामीण हंगामा काटते रहें।
दीपावली पर्व पर घर आया था जवान
त्यौहार के छुट्टी पर नेवी मे तैनात अपूर्व दुबे पुत्र विमल दुबे निवासी नौगवां थाना दिबियापुर अपने घर आया हुआ है। वह घर से मोटरसाइकिल लेकर कंचौसी जा रहा था। नहर किनारे रोड से जैसे ही वह कंचौसी नहरपुल पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। रफ्तार मे ट्रक होने से जवान बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर लगते ही ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर धुनाई कर दी।
पुलिस की लापरवाही देख उत्तेजित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया
जैसे तैसे लोगों ने ट्रक के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकाल जवान को उठाकर ठिलिया पर लिटाया और निजी अस्पताल ले गए। जहाँ से उसे इलाज के लिए कानपुर भेजा गया। स्थानीय लोगो ने कंचौसी पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक पुलिस के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। इस बीच किसी ग्रामीण ने जिलाधिकारी को घटना की सूचना दी। तब जाकर मंगलपुर थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिसके साथ कंचौसी पुलिस भी पहुंच गई। तभी उत्तेजित ग्रामीणों से चौकी पुलिस की नोकझोंक होने लगी। जैसे-तैसे मंगलपुर पुलिस ने समझा बुझाकर चालक पर कार्यवाही का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। इस दौरान करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। वहीं थाना पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत मे लेते हुए ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
Published on:
24 Oct 2017 02:07 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
