
लखनऊ.यूपी बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों के मूल्यांकन में लापरवाही करने वाले शिक्षकों का वेतन कटेगा। 17 मार्च से शुरू हो रहे मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों के मोबाइल लाने पर भी रोक लगा दी गई है। मूल्यांकन शुरू होने के बाद केंद्र का मेन गेट भी बंद कर दिया जाएगा। जिसके बाद यहां पर किसी के आने- जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इस संबंध में डीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिया है। वहीं मूल्यांकन में लगे सभी शिक्षकों को हर हाल में 17 मार्च को सुबह दस बजे तक निर्धारित सेंटर्स पर अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश जारी किया गया है।
मूल्यांकन केंद्र पर लगेगा सीसीटीवी
राजधानी में मूल्यांकन के दौरान सीसीटीवी रिकार्डिग भी कराई जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र प्रभारी की होगी।राजधानी में इस बार मूल्यांकन के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर मूल्यांकन के लिए 3989 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 393 डिप्टी हेड एग्जामनर (डीएचई) तैनात किये गये हैं। जिनकी निगरानी में मूल्यांकन कार्य पूरा होना है। मूल्यांकन के दौरान एक परीक्षक को पूरे दिन में हाईस्कूल की 40 और इंटरमीडिएट की 50 कॉपियों का मूल्यांकन करना अनिवार्य होगा। सभी केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक करना अनिवार्य होगा।
गायब रहने पर कटेगा वेतन
मल्यांकन के दौरान गायब रहने वाले शिक्षकों का वेतन भी कटेगा। डीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने मूल्यांकन के लिए जारी आदेश में कहा है कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी मूल्यांकन के लिए लगी है। उन्हें हर हाल में अपने केंद्रों पर समय से पहुंचकर मूल्यांकन करना होगा, अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो इस बार उनके खिलाफ परिषद के नियमों के तहत प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जितने दिन परीक्षक मूल्यांकन से गायब रहेंगे उनका उस दिन का वेतन भी काट दिया जाएगा।
यूपी बोर्ड के 20 टॉपर्स की कॉपियां सार्वजनिक होंगी : डॉ. दिनेश शर्मा
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि इस साल यूपी बोर्ड के 20 टॉपर्स की कॉपियां सार्वजनिक की जाएंगी। इनकी कॉपियां बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की जाएंगी, तािक दूसरे छात्र भी इन्हें देखकर प्रेरणा ले सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगले सत्र से यूपी बोर्ड में भी एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम लागू होगा। एनसीईआरटी की किताबें बाजार में उपलब्ध रहें, यह सुनिश्चित करें।
'हर संवेदनशील केंद्र पर तैनात होंगे स्टैटिक मैजिस्ट्रेट'
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि हर संवेदनशील परीक्षा केंद्र पर एक स्टैटिक मैजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए।उन्होंने कहा कि गृह विभाग ने शासनादेश जारी कर सभी केंद्र अधीक्षकों को मैजिस्ट्रेट की शक्तियां दे दी हैं। सोमवार को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने निर्देश दिए कि हर परीक्षा केंद्र के 100 गज के दायरे में धारा 144 लागू की जाए। इसके अलावा हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। कुलपति संवेदनशील केंद्रों का निरीक्षण करें। डॉ. शर्मा ने कहा कि कॉपियों का समय पर मूल्यांकन कर हर हाल में 15 जून तक परिणाम घोषित कर दिए जाएं।
-लखनऊ में 16 लाख से अधिक कॉपी का होगा मूल्यांकन
- 5 सेंटर्स पर होगा मूल्यांकन, सबसे ज्यादा 5 लाख कॉपी हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में जांची जाएगी
- मूल्यांकन से गायब रहने वाले टीचर का रुकेगा इंक्रीमेंट
इन केंद्रों पर आवंटित की गई इतनी कॉपियां
केंद्र का नाम कॉपियों की संख्या परीक्षक डीएचई
निशातगंज इंटर कॉलेज -253000 -775
जुबिली इंटर कॉलेज -427153 -883
अमीनाबाद इंटर कॉलेज -245000 -825
हुसैनाबाद इंटर कॉलेज -510793 -719
नेशनल इंटर कॉलेज -177661 -787
Updated on:
13 Mar 2018 11:23 am
Published on:
12 Mar 2018 01:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
