
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्राइवेट इंडोर क्रिकेट स्टेडियम का किया उद्घाटन (Photo Patrika)
UP Security News: उत्तर प्रदेश में सांसदों और विधायकों की सुरक्षा में तैनात गनरों को जल्द नए हथियार मिलेंगे। यूपी सरकार ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 800 नाइन एमएम सब-मशीनगन और तीन स्नाइपर राइफल खरीदने को मंजूरी दी है। इसके लिए 5.59 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। गृह विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया है। नई सब-मशीनगन के साथ 2.56 लाख कारतूस भी खरीदे जाएंगे। वहीं अयोध्या के राम मंदिर, हाईकोर्ट, लोकभवन और मेट्रो स्टेशनों जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्नाइपर तैनात किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों के सुरक्षाकर्मियों के लिए नाइन एमएम की 800 सब-मशीनगन खरीदी जाएंगी। इसके साथ 2.56 लाख कारतूस भी खरीदे जाएंगे। एक सब-मशीनगन की कीमत 60 हजार रुपये तय की गई है। सरकार ने पुलिस मुख्यालय से मिली रिपोर्ट के आधार पर यह मंजूरी दी है। स्नाइपर की तैनाती के लिए तीन राइफल खरीदी जाएंगी। एक स्नाइपर राइफल की कीमत 10.76 लाख रुपये होगी। इन्हें संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा में इस्तेमाल किया जाएगा।
पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत पीएसी की नवगठित महिला वाहिनियों के लिए भी नए हथियार खरीदे जाएंगे। तीन महिला वाहिनियों के लिए 373 पिस्टल और 90 असाल्ट राइफल खरीदने की तैयारी है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में डेढ़ दर्जन से अधिक प्रस्ताव रखे जा सकते हैं। इनमें प्रांतीय रक्षक दल यानी पीआरडी के जवानों का रोजाना ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने का प्रस्ताव शामिल है। पीआरडी जवानों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा देने संबंधी प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।
बेसिक शिक्षा विभाग के 14 हजार स्कूलों में स्मार्ट क्लास के लिए आईसीटी लैब बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव भी है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर भी निर्णय हो सकता है।
योगी सरकार पीआरडी जवानों का मानदेय चौथी बार बढ़ाने की तैयारी में है। इससे पहले 8 मार्च 2019 को रोजाना मानदेय 250 से बढ़ाकर 375 रुपये किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी 2022 को इसे 395 रुपये और 15 अप्रैल 2025 को 500 रुपये किया गया। अब इसमें 100 रुपये की और बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
Updated on:
15 Sept 2026 09:17 am
Published on:
15 Sept 2026 09:17 am
