
पति ने कराई पत्नी और प्रेमी की शादी (फोटो- x @criticalctzn)
Husband Gets Wife Married To Lover: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके से एक अनोखा और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया है। एक पीआरडी (प्रांतीय सशस्त्र बल) जवान ने अपनी पत्नी की बेवफाई पकड़ने के बाद झगड़ा या बवाल करने के बजाय खुद उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा दी और विदा भी कर दिया।
माल गांव की बेटी का विवाह पिछले साल 8 मई को मलिहाबाद के एक गांव के पीआरडी जवान से हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा। कुछ दिन पहले विवाहिता बिना किसी को बताए ससुराल से अचानक गायब हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मलिहाबाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बुधवार को पुलिस ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया। प्रेमी भी माल गांव का ही रहने वाला है। पुलिस दोनों को मलिहाबाद थाने ले गई, जहां मायके और ससुराल पक्ष के लोग जमा हो गए। थाने में घंटों हाई वोल्टेज पारिवारिक ड्रामा और पंचायत चली। माता-पिता और पति ने लोकलाज का हवाला देकर समझाया, लेकिन विवाहिता ने साफ मना कर दिया और प्रेमी के साथ ही जीने-मरने की जिद ठान ली।
जब सारे प्रयास विफल हो गए तो पति और परिजनों ने कानूनी पेचीदगियों से बचने के लिए बड़ा फैसला लिया। सबसे पहले नोटरी से हलफनामा तैयार करवाया, जिसमें पति-पत्नी के संबंध विच्छेद (तलाक) की औपचारिकता पूरी की गई। इसके बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थानीय परम शिवालय मंदिर में विवाहिता की शादी उसके प्रेमी से करवाई गई। पीआरडी जवान पति ने खुद पत्नी का हाथ प्रेमी को सौंप दिया। मंदिर में सात फेरे पूरे होने के बाद सभी ने विवाहिता को प्रेमी के साथ विदा कर दिया।
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग पति के संयम और शांतिपूर्ण तरीके से मामले को सुलझाने की तारीफ कर रहे हैं। पुलिस और परिवार दोनों पक्षों की सहमति से यह प्रक्रिया पूरी हुई, जिससे कोई कानूनी विवाद या हिंसा नहीं हुई।
Updated on:
10 Sept 2026 08:18 pm
Published on:
10 Sept 2026 08:18 pm
