
UP Top News Short News
सौर ऊर्जा से रोशन होंगे रेलवे स्टेशन
गोरखपुर. रेलवे स्टेशन परिसर और क्रासिंग अब सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। स्टेशनों के आसपास की खाली जमीन पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके अलावा गेटमैन के केबिन पर भी सोलर पैनल लगेंगे। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे को 915 करोड़ रुपये मिले हैं। रेल प्रशासन ने सोलर पैनल लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर का आफिसर्स रेस्ट हाउस सौर ऊर्जा से ही जगमगा रहा है। इसके लिए 10 केडब्ल्यूपी (किलो वॉट पीक) का ग्रिड कनेक्टेड सोलर पैनल लगाया गया है। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर और प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय भवन की छत पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। 300 केडब्ल्यूपी क्षमता के सोलर पैनल यांत्रिक कारखाना में स्थापित किए गए हैं।
तमंचे के बल पर कैदी फरार
प्रयागराज. संगम नगरी के काल्विन हॉस्पिटल में उस समय हत्या के आरोपित एक किशोर कैदी को तमंचे की बल पर उसका साथी लेकर फरार हो गया। साथी ने दोस्त को छुड़ाने के लिए सिपाही सुरेंद्र शुक्ला पर तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया। सिपाही सुरेंद्र शुक्ला हत्या के आरोपी को लेकर काल्विन अस्पताल दिखाने गए थे। उसका साथी सुनील भी वहां पहुंच गया। मौका पाकर सुनील ने तमंचा सिपाही के सिर में सटा दिया और कहा हमारे साथी को जाने दो नहीं तो गोली मार देंगे। कनपटी पर पिस्टल सटा होने के कारण सिपाही ने कुछ नहीं कहा। लेकिन जैसे ही आरोपी किशोर वहां से भागने की कोशिश करने लगा उसे सिपाही ने पकड़ लिया। तभी उसके साथी सुनील ने सिपाही के सिर में तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद दोनों वहां से भाग निकले।
गोरखपुर बनेगा आईटी हब
गोरखपुर. औद्योगिक विकास की ओर कदम बढ़ा चुके गोरखपुर को आईटी (इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी) हब बनाने की तैयारी है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में स्थापित हो रहे आईटी पार्क की तैयारियां जोरों पर हैं। भवन का निर्माण भी तेजी से चल रहा है और सितंबर महीने तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। भवन बनने के बाद सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) दूसरे राज्यों के बड़े शहरों में जाकर रोड शो करेगी और वहां के प्रमोटरों को गोरखपुर में निवेश के लिए आमंत्रित करेगी। गीडा में बन रहे भवन के लिए इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड (ईपीआइएल) को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट बनाया गया है। ईपीआईएल द्वारा इस भवन का काम सितंबर तक पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है।
कार और बोलेरो की भिड़ंत में मां-बेटी समेत चार की मौत
लखनऊ. कोतवाली महमूदाबाद इलाके के रजुआपुर मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सिधौली की ओर से आ रही बोलेरो व महमूदाबाद की ओर से जा रही कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में सभी को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतकों की शिनाख्त हो गई है, जिसमें बोलेरो चालक महमूदाबाद के भेथरा निवासी सुजीत कुमार (24), कार चालक की शिनाख्त कमलापुर के हमीरपुर निवासी अजीत कुमार सिंह (35), उसकी चाची सीमा सिंह (50), चाची की बेटी रजनी (20) के रूप में हुई है।
घर में घुसकर लूटपाट
ललितपुर. कोतवाली सदर के दैलवारा गांव में रविवार देर रात घर में घुसे बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम पंचायत दैलवारा निवासी अरविंद जैन खेतीबाड़ी करने के साथ किराना की दुकान चलाते थे। घर पर ही दुकान थी। रविवार देररात दुकान बंद करने के बाद खाना खाकर आराम करने जा ही रहे थे कि आधा दर्जन बदमाश घुस आए और बुरी तरह दंपति को पीटने लगे। लाठी डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार के बाद बदमाशों ने घर और दुकान में लूटपाट की। इस बीच शोरशराबा सुनकर ग्रामीण पहुंचे और घायल दंपति को जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को जानकारी दी। जिला अस्पताल में अरविंद जैन को मृत घोषित कर दिया गया।
Published on:
14 Feb 2022, 4:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.