
लखनऊ. विवेक तिवारी हत्याकांड में आखिरकार परिवार को आर्थिक मदद के रूप में चेक मिल गया है। तहसीलदार और एडीएम ने विवेक तिवारी के घर पहुंच कर उन्हें चेक सौंपा है। आपको बता दें कि सोमवार को सीएम योगी ने अपने सरकारी आवास में विवेक तिवारी के परिवार से मुलाकात की थी और दोनों बच्चियों को 5-5 लाख रुपए व मां को भी 5 लाख रुपए की एफडी के साथ ही पत्नी को 25 लाख व सरकारी नौकरी देने को भरोसा दिया था। आज इस फैसले को योगी सरकार ने पूरा किया।
दिया गया 40 लाख रुपए का चेक-इसको अमली जामा पहनाते हुए तहसीलदार सदर संभु व ADM टीजी अनिल कुमार मंगलवार को विवेक के घर 40 लाख का चेक लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पत्नी कल्पना तिवारी को 25 लाख रुपए का चेक। बेटी प्रियांशी तिवारी को 5 लाख रुपए का चेक व दूसरी बेटी दिव्यांशी तिवारी को भी 5 लाख रुपए का चेक दिया गया। इसी के साथ ही मृतक की मां को भी 5 लाख रुपए का चेक सौंपा गया।