
Quick Read: प्रधान पद प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार में बच्चों को लगाया ड्यूटी पर, डीएम ने कहा करेंगे कार्रवाई
टॉफी का लालच देकर बच्चों की जान से खिलवाड़
लखीमपुर खीरी. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पंचायत चुनाव के दौरान एक प्रधान प्रत्याशी पर प्रधानी जीतने का जुनून इस कदर छाया है, कि उसने बच्चों को टॉफी का लालच देकर कोरोना संक्रमण में अपने चुनाव प्रचार में उनकी ड्यूटी लगा दी। मामला लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के सलामत नगर ग्राम पंचायत का है। यहां एक प्रत्याशी गुरमीत कौर अपने चुनाव प्रचार में छोटे-छोटे बच्चों को लगाकर गांव-गांव रैली निकलवा रहे थे। आरोप है कि प्रधान प्रत्याशी ने बच्चों को टॉफी का लालच देकर अपने साथ रैली में शामिल किया। प्रधान प्रत्याशी का गांव में घूम-घूम बच्चों के साथ रैली करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीएम ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की बात कही।
एंबुलेंस में संक्रमित की मौत
कानपुर. जिले में एक संक्रमित व्यक्ति ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई। जूही में इलाज न मिलने से कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। बाबू पुरवा (40) चार दिन से बीमार थे। शुक्रवार को बेटा कमलजीत सिंह पिता को लेकर नरोना चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। जांच में पता चला कि निरंजन कोरोना संक्रमित हैं। कमलजीत ने पिता निरंजन को भर्ती कराने के लिए बोला। उनका आरोप है कि चिकित्सकों ने भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद कमलजीत पिता को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचा तो वहां भी चिकित्सकों ने बेड फुल होने की बात कही। यहां से सर्वोदय नगर और गोविंद नगर के निजी अस्पताल गया तो वहां भी जगह नहीं मिली। इसके बाद पनकी के निजी अस्पताल की ओर निकला। इसी दौरान जूही लाल पैलेस के सामने निरंजन ने दम तोड़ दिया।
मामा ने शादी के बहाने बीए की छात्रा को बेचा
गोरखपुर. राजस्थान के कोटा जनपद की बाल कल्याण समिति ने देवरिया जिले की एक छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म और उसे बेचने के मामले में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र लिखा है। छात्रा 10 अप्रैल को आरपीएफ को अवध एक्सप्रेस ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते समय कोटा में मिली थी। सीडब्लूसी की पूछताछ में उसने ससुरालियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। सदर कोतवाली निवासी बीए की छात्रा का आरोप है कि उसके मामा ने 30 नवंबर, 2020 में जिले के एक थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति से शादी कराई थी। ससुराल में उसके पति, देवर और ननदोई ने दुष्कर्म किया। पति ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। सदर कोतवाली में पीड़िता ने शिकायत भी की लेकिन, पुलिस ने नहीं सुनी। पीड़िता ने कहा कि दिल्ली से माता-पिता के पास गोरखपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन गलत ट्रेन में बैठ जाने के कारण वह कोटा पहुंच गई। आरोप है कि पीड़िता का विवाह उसके मामा की मर्जी से ही हुआ है। पीड़िता ने कहा उसे शक है कि उसने बेच दिया है। इस मामले में किशोरी को बेच देने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के लिए सीडब्लूसी ने पुलिस को पत्र लिखा है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि पत्र मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हज जाने वालों के लिए टीके की दो डोज अनिवार्य
वाराणसी. हज पर जाने वालों के लिए कोविड टीके की दोनों डोज लगवाना अनिवार्य है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि हज का आवेदन करने वाले स्वविवेक से कोविड टीके की डोज जल्द लगवा लें। हज कमेटी आफ इंडिया के पूर्व सदस्य डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि उम्मीद है कि हज के लिए सऊदी हुकूमत की अनुमति मिलने से मध्य जून से भारत से रवानगी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि हज-2021 पर जाने के इच्छुक जायरीन जिन्होंने आवेदन भरा है अगर वे जाना चाहते हैं तो कोविड के टीके जरूर लगवा लें। सऊदी स्वास्थ्य मंत्रालय ने सूचित किया है कि हज-2021 या उमरा के लिए मक्का मदीना की यात्रा करने की अनुमति केवल उसी व्यक्ति को दी जाएगी, जिसने कोविड-19 के वैक्सीन की दोनों डोज ली होगी। अभी तक सऊदी हुकूमत से इसके अलावा कोई और सूचना नहीं दी गई है, इसलिए हज-2021 की जो भी प्रक्रिया शुरू होगी वो सऊदी हुकूमत से मिलने वाले स्पष्ट दिशा निर्देश के बाद ही शुरू होगी।
पुलिस और उपद्रवियों के बीच पथराव
हरदोई. पंचायत चुनाव में हरदोई के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अतर्जी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान को लेकर जमकर बवाल हुआ। मत पेटिका में पानी डाल दिया गया। प्रत्याशियों के समर्थकों और पुलिस के बीच पथराव हुआ। पथराव में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी समेत कई पुलिस कर्मी चुटहिल हो गए। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि मतपेटी में पानी नहीं डाला गया है। ग्राम पंचायत अतर्जी में प्रधान पद के लिए निवर्तमान महिला प्रधान समेत आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान केंद्र उच्च प्राथमिक विद्यालय में बनाया गया था। मतदान के दौरान शाम को फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के बीच तीखी झड़प हो गई। इनमें से एक ने मतदान कर्मियों पर भी फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया और फिर पोलिंग बूथ में रखी पानी भरी बाल्टी मतपेटी पर फेंक दी। इसके बाद हंगामा बढ़ गया, तो मतदान कार्मिकों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इस पर पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तो पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया।
Updated on:
17 Apr 2021, 4:29 PM IST
Published on:
17 Apr 2021, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.