21 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

वंदे मातरम पर रार के बीच मायावती की दो टूक, जेन-जी और जेन-अल्फा के मुद्दों पर हो बात

Vande Mataram Controversy: वंदे मातरम गायन विवाद पर बसपा प्रमुख मायावती की दो टूक। राजनीतिक दलों को दी सलाह।बोलीं-राजनीतिक स्वार्थ छोड़कर बेरोजगार युवाओं, शिक्षा और बाढ़ जैसे जनहित के गंभीर मुद्दों पर ध्यान दें।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Aman Pandey

Aug 21, 2026

BSP Mayawati

बसपा प्रमुख मायावती। PC- ANI

BSP Mayawati: वंदे मातरम के गायन को लेकर देश में गरमाई राजनीति पर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती का बयान सामने आया है। बसपा सुप्रीमो ने इस मुद्दे पर सियासत करने वाले दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर राजनीति करना बिल्कुल ठीक नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों को जनहित के बुनियादी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।

'राजनीतिक स्वार्थ के लिए भटकाया जा रहा जनता का ध्यान'

शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखते हुए मायावती ने कहा कि वंदे मातरम को पूरा गाया जाए, केवल शुरुआत के दो छंद गाए जाएं या इसे न गाया जाए, इस बात को लेकर जो विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह अनुचित है। संसद में पारित हुए कानून का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के दौरान पार्टियां अपने राजनीतिक स्वार्थ और अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अक्सर ऐसे कदम उठाती रहती हैं।

मायावती का भाजपा-कांग्रेस को कटाक्ष

मायावती ने जोर देकर कहा कि इस समय देश के सामने कई अन्य गंभीर और अति-महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। सरकारों और राजनीतिक दलों को बेरोजगार युवाओं, छात्र-छात्राओं, 'जेन-जी', स्कूली बच्चों 'जेन-अल्फा' की समस्याओं और देश के विभिन्न हिस्सों में आई भीषण बाढ़ से हो रहे जान-माल के नुकसान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बुनियादी समस्याओं का समाधान खोजना ही इस वक्त देश और जनता की सबसे बड़ी जरूरत है।

गौरतलब है कि वंदे मातरम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच यह विवाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शुरू हुआ था। भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय का एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि राष्ट्रगीत के दौरान सोनिया गांधी ने इसे रोकने का प्रयास किया। दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि पूरा वंदे मातरम गाया गया था और सोनिया गांधी का इशारा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगवाने को लेकर था।