
अप्रैल से जुलाई तक इन शुभ मूहर्त, लेकिन शादियों के शुभ मुहूर्त पर भारी पड़ सकती है कोरोना महामारी
लखनऊ. एक बार फिर कोरोना वायरस शुभ मुहूर्त पर भारी पड़ता दिख रहा है। राज्य सरकार ने पहले ही संक्रमण के खतरे को देखते हुए सार्वजनिक आयोजन पर 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ इकट्ठा न होने की बात कही है। उधर, कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर भी तेजी से फैल रही है। इससे वह लोग परेशान हैं जिनकी आगामी दो से तीन महीने में शादी होनी है। अप्रैल से जुलाई के बीच कई शुभ मुहूर्त हैं। जनवरी के बाद से शादी व अन्य शुभ कार्यों के लिए कोई खास मुहूर्त नहीं होने के कारण लोग अप्रैल-जुलाई के इंतजार में बैठे हैं। ज्यादातर लोगों की इन्हीं महीनों में शादी होगी, लेकिन संक्रमण का खतरा दोबारा से बढ़ने पर इन कार्यक्रमों पर खतरा मंडराता नजर आ रहा है।
बुकिंग लिस्ट में हो सकती है कटौती
उत्तर प्रदेश होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव एवं होटल कारोबारी श्याम कृष्णानी ने कहा कि लखनऊ में छोटे-बड़े करीब 2500 होटल व रेस्टोरेंट हैं। इनमें से करीब 500 होटल ऐसे हैं, जहां पर शादियों की बुकिंग होती है। 24 अप्रैल से 31 जुलाई तक शहर के सभी होटल, बैंक्वेट हॉल में औसतन एक हजार शादियां होनी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई हैं, ऐसे में शादियों के टलने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक किसी ने होटल की बुकिंग कैसिंल नहीं कराई हैं।
प्रशासन के दिशा-निर्देश के अनुसार ही कराएंगे कार्यक्रम
कानपुर रोड स्थित बंथरा निवासी लल्लन यादव की शादी 29 अप्रैल को होनी है। उनके यहां सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कार्ड बांटना भी शुरू कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता देख मेहमानों उन्होंने मेहमानों की सीमित लिस्ट बनाई है। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थितियों में जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सारे कार्यक्रम कराएंगे। अगर जरूरत महसूस हुई, तो शादी के खर्चों में कटौती करते हुए साधारण व कम लोगों के बीच में विवाह करेंगे।
किस माह कितने शुभ मुहूर्त
- अप्रैल- 24, 25, 26,27 और 30 तारीख है।
- मई- 2, 4,7,8,21,22,23,26,29 और 31 तिथि विवाह के लिए शुभ है।
- जून- 3,4,5,6,18,19,20,24,26,27,28 और 30 है।
- जुलाई- 1, 2,3,6,17,18,21,22,23,25,26,28,29,30 और 31 है।
Published on:
4 Apr 2021, 12:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.