
नवविवाहितों को शगुन में कंडोम देगी योगी सरकार, जनसंख्या दिवस से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
लखनऊ. यूपी में बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण पाने के लिए योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विश्व जनसंख्या दिवस (World Population Day) पर योगी सरकार ने बढ़ती जनसंख्या को कम करने के लिए शादी के पहले दिन से ही नवविवाहित जोड़ों को शगुन के रूप में कंडोम (Condom) और गर्भनिरोधक गोलियां (Contraceptive Pills) देने की योजना बनाई है। इसके साथ ही प्रदेश में जनसंख्या पर नियंत्रण पाने के लिए नवविवाहित जोड़ों को जागरुक किया जाएगा और साथ ही इसके फायदे भी समझाए जाएंगे।
11 जुलाई को होगी शुरूआत
सीएम योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर इस योजना की शुरूआत करेंगे। इस पर प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि परिवार को केवल दो बच्चों तक ही सीमित रखने के लिए बढ़ती जनसंख्या को लेकर लोगों को जागरुक करने का कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। मिशन परिवार विकास की इस योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को शगुन के रूप में आशा बहुओं द्वारा एक किट दी जाएगी। इस किट में स्वस्थ्य संबंधी सामान, कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियों के साथ शीशा, कंघी, रूमाल और तौलिया आदि सामान रहेंगे।
30 जिलों में शुरू होगा जागरुकता अभियान
सबसे पहले उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में तीन चरणों में नवविवाहित जोड़ों को जागरुक करने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। आशा बहुओं द्वारा जिन नवविवाहित जोड़ों को शगुन के रूप में किट दी जाएगी। उनको किट के बारे में पूरी जानकारी भी दी जाएगी। किट में स्वास्थ्य विभाग का एक पत्र भी होगा, जिसमें परिवार नियोजन के लाभ बताए गए हैं।
परिवार नियोजन को बढ़ावा देना है मुख्य उद्देश्य
योगी सरकार परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस योजना की शुरूआत करने जा रही है। इस योजना के तहत नवविवाहित जोडो़ं को शगुन के रूप में एक किट दी जाएगी। इस किट में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक लेटर भी होगा। इस लेटर का उद्देश्य नए कपल्स को पापुलेशन कंट्रोल के लिए सचेत करने के साथ ही 2 बच्चों तक ही परिवार को सीमित रखने के लिए आशा बहुओं द्वारा लोगों को प्रोत्साहित करना है।
Updated on:
10 Jul 2019, 6:25 PM IST
Published on:
10 Jul 2019, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.