
सामान खरीदने रायपुर जा रहे व्यापारी से उड़नदस्ता ने बरामद किए लाखों रूपए, ये थी वजह
महासमुंद/सरायपाली. सरायपाली रेहटीखोल बंजारी नाका के पास स्थैतिक टीम ने आंध्रप्रदेश के एक व्यापारी के पास से साढ़े पांच लाख रुपए जब्त की। पूछताछ के दौरान व्यापारी कागजात पेश नहीं कर पाया। इसके चलते टीम ने रुपए की जब्ती बनाकर उसे सरायपाली टेजरी में जमा करा दिया।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निर्वाचन के चलते स्थैतिक टीम का गठन किया गया है। टीम चौबीस घंटे आने-जाने वाले वाहनों की जांच के अलावा वीडियोग्राफी कर रही है। सरायपाली रेहटीखोल बंजारी नाका पर तैनात स्थैतिक टीम के उप वन क्षेत्रपाल संतोष पैकरा ने बताया कि बुधवार की सुबह पांच बजे ओडिशा की ओर से आ रही एक बोलेरो से साढ़े पांच लाख रुपए जब्त की। पूछताछ के दौरान वाहन में सवार ग्राम एसीपेटा आयवेंटम काजुलुर आंध्रप्रदेश के पिट्राला वेंकेट पिता पिट्राला अपन्ना (45) ने बताया कि वह केस (बाल) का व्यापारी है।
व्यापार के सिलसिले में साढ़े पांच लाख रुपए लेकर रायपुर जा रहा था। टीम ने रुपए के संबंध में ट्रांजेक्शन पर्ची और अन्य कागजात दिखाने की मांग की, लेकिन चालक प्रस्तुत करने में असफल रहा। टीम के सदस्यों ने बताया कि लगातार ओडिशा व अन्य प्रदेशों से आने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है। सभी वाहनों की गंभीरता से तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार चुनाव को देखते हुए स्थैतिक की टीम की निगरानी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
ज्ञात हो कि पिथौरा स्थैतिक टीम ने दो दिन पूर्व टप्पा के पास साड़ी, दर्री व कंबल से भरे 10 वाहनों को पकड़ा था। इन वाहनों में करीब 14 लाख रुपए के सामान थे। ये रायपुर से बसना एक व्यापारी के यहां जा रहा था, लेकिन टीम ने चुनाव के मद्देनजर संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्वाचन आयोग को प्रस्तुत किया था।
Published on:
15 Nov 2018 12:12 pm
