
मंदसौर/ भारी बारिश के बाद मंदसौर में गांधी सागर बांध लबालब भर गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं, उसके बावजूद भी बांध के ऊपर से पानी बह रहा है। गांधी सागर बांध पर बने हाइड्रो यूनिट में भी पानी घुस गया है, जिससे बिजली उत्पादन ठप हो गया है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि वहां कितनी भयावह स्थिति है। इसके साथ ही चालीस गांवों को खाली करा दिया गया है। विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने वहां के हालात के बारे में पत्रिका को जानकारी दी है।
मंदसौर से बीजेपी के विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा है कि स्थिति बेकाबू है। यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा है कि यहां प्रलय है। हजारों लोगों का सब कुछ बर्बाद हो गया है। सरकारी मदद लोगों को तक नहीं पहुंच पा रही है। जिनका सबकुछ बर्बाद हो गया है, वो अब रात कहां बिताएंगे। सीएम से हमने संपर्क करने की कोशिश की है लेकिन बात नहीं हो पाई।
वहीं, गांधीसागर बांध से प्रभावित मंदसौर जिले के 40 गांवों में राहत और बचाव दल पहुंच गया है। उन्हें खाली करवा दिया गया है। स्टेट और एनडीआरएफ की टीमें भी मंदसौर भेजी गई हैं। एसडीआरएफ के साथ स्थानीय पुलिस गांव खाली करा रही है। गांव खड़ावदा, मोलीखेड़ी, खेराखेड़ा, भाट बंजारा, बंजारी, बालोदा, रूपपुरा, खेड़ा, रामनगर, बर्रामा, ढाबला मोहना गांव में पानी घुस गया है।
इस नंबर पर तुरंत करें संपर्क
कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा बताया गया कि बाढ़ राहत क्षेत्र में आम जनों को सुविधा एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए राहत कैम्प लगवाए गए हैं। बाढ़ राहत क्षेत्र में अगर किसी को सहायता की आवश्यकता हो तो तुरंत अपर कलेक्टर बीएल कोचले से संपर्क करें। एवं उनके मोबाइल नंबर पर अवगत कराएं। इसके साथ ही किसी एनजीओ एवं श्रम सेवी संस्थाओं जो मदद के लिए आगे आना चाहती हैं और राहत कार्य मे मदद करना चाहती हैं। वह भी तुरंत अपर कलेक्टर उनके मोबाइल नंबर 075879 69401 पर तुरंत संपर्क कर सकते है। बाढ़ राहत के लिए अपर कलेक्टर बीएल कोचले को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
केंद्र से मांगी मदद
मध्यप्रदेश के साथ-साथ राजस्थान में भी बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं। दोनों ही राज्यों की स्थिति पर केंद्र सरकार नजर बनाई हुई है। कैबिनेट सेक्रेटरी ने मध्यप्रदेश और राजस्थान के मुख्य सचिव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए प्रदेश का हाल जाना है। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव एसआर मोहंती के साथ भी कैबिनेट सचिव ने चर्चा की। कैबिनेट सेक्रेटरी ने प्रदेश के हालात से रूबरू हुए हैं।
Updated on:
15 Sep 2019, 8:23 PM IST
Published on:
15 Sep 2019, 8:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.