
अब सोने ने दी राहत, 10 ग्राम की कीमतों में 350 रुपए की बड़ी गिरावट
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु की कीमतों में रही घटबढ़ के बीच ऊंचे भाव पर जेवराती खरीद सुस्त पड़ने से शुक्रवार 05 अक्टूबर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 350 रुपए फिसलकर 31,750 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, इस दौरान औद्योगिक मांग आने से चांदी 305 रुपए चमककर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक बाजार में लंदन का सोना हाजिर 1.05 डॉलर की गिरावट में 1,198.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। हालांकि, दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 1.10 डॉलर चमककर 1,202.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की गिरावट में 14.53 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के टूटने से पीली धातु को समर्थन मिला है लेकिन अमरीकी बांड यील्ड बढ़ने का दबाव भी इस पर है।
औद्योगिक उठाव से चांदी में 305 रुपए की तेजी
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 350 रुपए की गिरावट में 31,750 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 31,600 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए पर टिकी रही। कम भाव पर औद्योगिक उठाव में तेजी आने से चांदी हाजिर 305 रुपये चमककर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चाँदी वायदा में 1,075 रुपए की तेजी और यह 38,800 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। इस दौरान सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर पहुंच गए।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,750
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,600
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,205
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,800
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 75,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,600
ये भी पढ़ें--
Updated on:
05 Oct 2018 02:40 pm
Published on:
05 Oct 2018 02:40 pm
