5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सेंसेक्स हुआ 37 हजारी, निफ्टी भी रिकॉर्ड स्तर पर हुआ बंद

आज सेंसेक्स रिकाॅर्ड स्तर पर 37000 को पार गया, वहीं निफ्टी भी रिकाॅर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद बंद हो गया।

2 min read
Google source verification

image

Saurabh Sharma

Jul 26, 2018

BSE

सेंसेक्स हुआ 37 हजारी, निफ्टी भी रिकॉर्ड स्तर पर हुआ बंद

नर्इ दिल्ली। अर्थव्यस्था को लेकर निवेशकों में बनी सकारात्मक धारणा के बीच बैंकिंग तथा वित्त के साथ पावर समूह में हुई लिवाली के दम पर सेंसेक्स आज पहली बार 37 हजार अंक के पार पहुंचने में कामयाब रहा और अंत में 126.41 अंकों की बढ़त के साथ 36,984.64 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 35.30 अंक की तेजी के साथ 11,167.30 अंक के ऐतिहासिक शिखर पर रहा।

इन शेयर्स में देखने को मिली बढ़त
बाजार की तेजी में सबसे ज्यादा योगदान बैंकिंग तथा फाइनेंस क्षेत्र की कंपनियों का रहा। भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे ज्यादा साढ़े पांच फीसदी चढ़े। पाॅवर और यूटिलिटीज में भी डेढ़ फीसदी की बढ़त रही। आईसीआईसीआई बैंक और पाॅवर ग्रिड के शेयर भी चार फीसदी से ज्यादा चढ़े। मारुति सुजुकी और येस बैंक ने बाजार में दबाव बनाया और उनके शेयर साढ़े तीन फीसदी से ज्यादा टूटे।

पहले एक घंटे में 37 हजारी हुआ था सेंसेक्स
विदेशों के मिश्रित रुख के बीच सेंसेक्स 70.15 अंक की बढ़त में 36,928.38 अंक पर खुला। पहले घंटे में ही यह 37 हजार अंक के आंकड़े के पार जाने में कामयाब रहा। यह पहला मौका है जब सूचकांक ने यह मुकाम हासिल किया है। इसके बाद लगातार इसमें तेजी बनी रही और यह 37 हजार के स्तर से चढ़ता-उतराता रहा। दोपहर बाद बाजार में मुनाफावसूली शुरू होने से एक समय यह 36,852.53 अंक के दिवस के निचले स्तर तक फिसल कर लाल निशान में चला गया। कारोबार की समाप्ति से पहले बाजार ने फिर वापसी की और 37,061.62 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूने के बाद यह गत दिवस के मुकाबले 0.34 प्रतिशत यानी 126.41 अंक ऊपर 36,984.64 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयर हरे और शेष 13 के लाल निशान में रहे।

बढ़त के साथ बंद हुआ निफ्टी
निफ्टी 0.95 अंक की मामूली बढ़त में 11,132.95 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान इसने भी 11,185.85 अंक के दिवस अब तक के उच्चतम स्तर को छुआ जबकि इसका दिवस का निचला स्तर 11,125.70 अंक रहा। कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस के मुकाबले 0.32 फीसदी यानी 35.30 अंक की बढ़त में 11,167.30 अंक पर रहा जो इसका भी रिकॉर्ड बंद स्तर है।

स्माॅलकैप एंड मिडकैप
निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में भी विश्वास दिखाया। बीएसई का मिडकैप 0.76 प्रतिशत चढक़र 15,763.22 अंक पर और स्मॉलकैप 0.31 प्रतिशत की मजबूती में 16,306.02 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,711 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,354 के शेयर बढ़त में और 1,217 के गिरावट में रहे जबकि शेष 140 कंपनियों के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।

विदेशी बाजारों में देखने को मिली बढ़त
विदेशी बाजारों में मिश्रित रुख रहा। एशिया में जापान का निक्की 0.12 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.48 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.71 प्रतिशत की गिरावट में रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.71 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोप में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.02 प्रतिशत टूटा जबकि जर्मनी का डैक्स 1.26 फीसदी की बढ़त में रहा।