9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीते सप्ताह करीब 3 फीसदी टूटे सेंसेक्स, निफ्टी, निवेशकों को हुआ 4.5 लाख करोड़ का नुकसान

बीते एक हफ्ते में बाजार में दिखा बिकवाली का दबाव सेंसेक्स 2.96 फीसदी गिरकर 37,673.31 पर हुआ बंद निफ्टी 2.93 फीसदी लुढ़ककर 11,174.75 पर हुआ बंद

2 min read
Google source verification

image

Saurabh Sharma

Oct 05, 2019

Share  weekly report

नई दिल्ली। बिकवाली के भारी दबाव में इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स पिछले सप्ताह के मुकाबले तकरीबन तीन फीसदी लुढ़क कर 38,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बंद हुआ। निफ्टी भी तकरीबन तीन फीसदी टूटा और 11,200 के नीचे आ गया। भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई ) द्वारा प्रमुख ब्याज दर यानी रेपो रेट में लगातार पांचवीं बार कटौती करने से भी घरेलू शेयर बाजार को इस सप्ताह सहारा नहीं मिला और बिकवाली का दबाव लगातार बना रहा, बल्कि केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के नतीजे आने के बाद बाजार में गिरावट और बढ़ गई। दरअसल, आरबीआई द्वारा चालू वित्त वर्ष में देश के आर्थिक विकास दर अनुमान में कटौती किए जाने से निवेशकों का मनोबल टूटा जिससे बाजार की प्रतिक्रिया उत्साहपूर्ण नहीं रही। जिसकी वजह से पूरे सप्ताह निवेशकों को 4.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।

यह भी पढ़ेंः-तीन दिनों में 50 पैसे प्रति लीटर से ज्यादा सस्ता हुआ पेट्रोल, डीजल के दाम में कटौती जारी

सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
बंबई स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सप्ताह के आखिर में शुक्रवार को पिछले सप्ताह के मुकाबले 1,149.26 अंकों यानी 2.96 फीसदी की गिरावट के साथ 37,673.31 पर बंद हुआ और निफ्टी 337.65 अंकों यानी 2.93 फीसदी लुढ़क कर 11,174.75 पर बंद हुआ। बीएसई मिडकैप सूचकांक पिछले सप्ताह से 552.20 अंकों यानी 3.87 फीसदी की गिरावट के साथ 13,713.79 पर रुका, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक 523.27 अंकों यानी 3.92 फीसदी लुढ़ककर 12,808.66 पर ठहरा।

यह भी पढ़ेंः-बिहार और कर्नाटक के लिए केंद्र ने खोला अपना खजाना, दोनों राज्यों को बांटे 1600 करोड़

सप्ताहभर ऐसा रहा कारोबार
सोमवार को सेंसेक्स 155.24 अंकों यानी 0.40 फीसदी की गिरावट के साथ 38,667.33 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 35.15 अंकों यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 11,477.25 पर ठहरा।

अगले दिन मंगलवार को भी गिरावट जारी रही और सेंसेक्स 361.92 अंकों यानी 0.94 फीसदी की गिरावट के साथ 38305.41 पर बंद हुआ और निफ्टी भी 114.55 अंकों यानी एक फीसदी फिसलकर 11,359.90 पर रुका। दो अक्टूबर को गांधी जयंती का अवकाश होने के कारण बुधवार को शेयर बाजार बंद रहा।

गुरुवार को सेंसेक्स 198.54 अंकों यानी 0.52 फीसदी की गिरावट के साथ 38,106.87 पर बंद हुआ। निफ्टी 46.80 अंकों यानी 0.41 फीसदी की गिरावट के साथ 11,313.10 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को सेंसेक्स पिछले सत्र के मुकाबले 433.56 अंकों यानी 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ 37,673.31 पर बंद हुआ और निफ्टी भी 139.25 अंकों यानी 1.23 फीसदी की गिरावट के साथ 11,174.75 पर बंद हुआ।

यह भी पढ़ेंः-भारत के विदेशी पूंजी भंडार 5.02 अरब डॉलर का इजाफा, स्वर्ण भंडार में 10.20 करोड़ डॉलर बढ़े

निवेशकों को साढ़े चार लाख करोड़ रुपए का नुकसान
अगर बात बीते सप्ताह की करें तो निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। बीएसई से मिले आंकड़ों के अनुसार निवेशकों को 4.5 लाख करोड़ रुपए रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है। बीते सप्ताह 27 सितंबर को सप्ताह खत्म होने के बाद बीएसई का मार्केट कैप 1,47,69,837.29 करोड़ रुपए था। जबकि 4 अक्टूबर को बंद हुए कारोबार में बीएसई का मार्केट कैप 1,43,18,262.13 करोड़ रुपए बंद हुआ है। अगर दोनों दिनों के मार्केट कैप के अंतर को देखें तो निवेशकों को 4,51,575 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।