
मथुरा: चिलम पीने से किया मना तो कर दी साधू की हत्या
मथुरा। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो लोगों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना वृन्दावन के तेहरा के जंगलों में हुई बुजुर्ग की गला काटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपियों को अरेस्ट किया है वहीं बलदेव क्षेत्र के गांव जतौरा में आश्रम पर सो रहे हत्या के मामले में भी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पहला मामला
एसएसपी बबलू कुमार ने रविवार को दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि थाना वृन्दावन के गांव तेहरा के जंगलों में एक बुजुर्ग की लाश मिली थी जिसकी गला काटकर हत्या की गई थी। मामले की जांच पड़ताल करने पर पता चला कि मृतक पूरन चंद शर्मा निवासी विकास नगर थाना हाईवे ब्याज का काम करता था और विकास नगर के ही रहने वाले दो युवकों हरनाम और पूरन ने इनसे क्रमशः 40 हज़ार और 17 हज़ार रुपये ब्याज पर लिए थे। एसएसपी ने बताया कि तीन महीने के अंदर ही ब्याज बढ़ाकर बाबा ने हरनाम पर 40 हज़ार की जगह 94 हज़ार और पूरन पर 17 की जगह 50 हज़ार रुपए बकाया कर दिया और तकादा करने लगा। इसी को लेकर दोनों युवकों ने बाबा पूरन चंद शर्मा की हत्या की योजना बनाई और किसी के द्वारा पैसे देने की बात कहकर ये लोग उसे बाइक पर अपने साथ तेहरा के जंगलों में ले गए और वहां चाकू के उसकी गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
दूसरा मामला
वहीं बलदेव क्षेत्र के गांव जातौरा में बनखंडी आश्रम पर सोते समय हुई साधू श्याम बाबा उर्फ सुमन गिरी की गला दबाकर हत्या के मामले में भी पुलिस ने दो हत्यारोपी अजय और मुकेश निवासीगण गांव हथकौली को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि ये चिलम पीने के लिए आश्रम के शिव मंदिर पर आते थे। इसी को लेकर श्याम बाबा ने इन्हें टोका था और कह दिया था कि रोज-रोज आ जाते हो। इसी बात पर दोनों ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया और आश्रम से बाबा की दो चांदी की चेन भी ले लीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से चांदी की दोनों चेन बरामद कर ली हैं।
Updated on:
16 Sept 2018 09:56 pm
Published on:
16 Sept 2018 09:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
