
मेरठ. मुफ्त का खाना आखिर किसे नहीं अच्छा लगता। वह भी जब थाली का मैन्यू मनमुताबिक हो तो भूख अपने-आप ही बढ़ जाती है। लेकिन जब ये मुफ्त की थाली हजारों रुपये की पड़े तो होश उड़ना भी लाजिमी ही है। मेरठ में स्कूल में पढ़ाने वाली एक मैडम के साथ तो ऐसा ही कुछ हुआ। मुफ्त की थाली के चक्कर में खाते से 53 हजार रुपये की रकम साफ हो गई। खाते से रकम के साफ होते ही उनको अपने साथ ऑनलाइन ठगी का पता चला तो बेचारी शिकायत दर्ज कराने साइबर सेल पहुंची और तहरीर दी। ऑनलाइन ठगी की वारदातें मेरठ और आसपास के जिलों में अब काफी बढ़ गई हैं।
ये है पूरा मामला
छिपी टैंक निवासी विनीता चौबे एक स्कूल में टीचर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी फेसबुक पर एक होटल के नाम से खाने का ऑफर आया। ऑफर में एक थाली के साथ दो थाली फ्री में मिल रही थी। एक थाली के दाम फेसबुक में 200 रुपये दर्शाए गए थे। थाली में खाने का मैन्यू दिए गए ऑफर के हिसाब से चुनना था। उन्होंने दिए गए लिंक पर क्लिक करके जानकारी की। इसके कुछ देर बाद उनके पास फोन आया और ऑफर के बारे में बताया। वह साइबर ठग की बातों में आ गई और लिंक पर क्लिक कर दिया। पहले तो उनके खाते से दस रुपये कटे, लेकिन बाद में दो बार में 53 हजार रुपये कट गए। रुपये कटने का मैसेज मोबाइल पर आया तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर फोन कर अपना एकाउंट बंद करवाया और इसकी जानकारी साइबर सेल को दी।
रिश्तेदार बन 25 हजार ठगा
वहीं ठगी के एक अन्य मामले में नौचंदी थाना क्षेत्र के वैशाली निवासी अमित ने बताया कि उसके पास रिश्तेदार बनकर एक व्यक्ति ने कॉल किया था। उसने उनके अकाउंट में रुपये डालने की बात कही थी, लेकिन जब लिंक पर क्लिक किया तो उसके ही 25 हजार रुपये कट गए। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत कर दी है। एक दिन में साइबर क्राइम की दो शिकायतें आने से साइबर सेल ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
BY: KP Tripathi
Updated on:
6 Sep 2021, 2:20 PM IST
Published on:
6 Sep 2021, 2:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.