
मेरठ. प्रदेश की पुलिस उत्तर प्रदेश में क्राईम को कंट्रोल करने के लिए भले ही आए दिन एनकाउंटर कर रही हो, लेकिन अपराधियों के हौसले पस्त नहीं हो रहे हैं। मेरठ में अपराधियों पर न तो एनकाउंटर खौफ दिख रहा है और न ही एंटी रोमियो स्क्वॉयड का असर। शहर में आधी आबादी कितनी महफूज है यह मंगलवार को उस समय देखने को मिला, जब छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ दबंग युवकों ने युवती को कार से कुचल दिया। इस दौरान दुस्साहसी युवक मनमानी करते रहे और लोग तमाशा देखते रहे। कॉलेज जा रही एनसीसी की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सड़क के बीचोबीच छेड़छाड़ की। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इन दरिंदों को जब इतने से भी मन नहीं भरा तो जान बचाकर भागी छात्रा को गाड़ी से टक्कर मारकर घायल कर दिया।
पीड़िता के पिता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पिता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सरधना क्षेत्र के गांव भामौरी निवासी मूलचन्द पुत्र महिपाल ने बताया कि उसकी पुत्री सलोनी सोम और उसकी सहेली प्रिया नगर के जैन इंटर कॉलेज पैदल जा रही थी। अशोक की लाट के पास फिरोज पुत्र तस्लीम, आबाद पुत्र शमीम मोहल्ला आजादनगर, शहजाद पुत्र बशीर मोहल्ला घोसियान कार से आ रहे थे। इन लोगों ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मारपीट करते हुए ड्रेस फाड़ दी। वह किसी तरह जान बचाकर भागी तो आरोपियों ने जान से मारने की नियत से पीछे से गाड़ी से टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। किसी तरह वह जान बचाकर कॉलेज पहुंची, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ग्लोबल हॉस्पिटल मेरठ में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः इस डॉग और घोड़ी ने देश के लिए किया ऐसा काम, बहादुरी के लिए गृह मंत्री ने किया सम्मान
पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर उक्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना के बारे में एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि आरोपियों में से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है। कार भी बरामद हो गई है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे आरोपी भी जल्द पकड़े जाएंगे। इन सभी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
24 Oct 2017, 10:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.