आप की जन अधिकार पद यात्रा के मेरठ पहुंचने पर लोगों ने उसका स्वागत किया। यात्रा के प्रभारी और आप सांसद संजय सिंह और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पहुंच कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। पार्क में चल रहे राष्ट्रीय लोकदल के मंच पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को तरीके से उठाया। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने संसद के उपचुनाव में लोकदल का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में वह किसानों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नेहरू तक से भिड़ने से भी कभी पीछे नहीं रहे। चरण सिंह पार्क में ही पेंशन नीति दोबारा लागू करने के लिए अध्यापकों और सरकारी कर्मचारियों की भीड़ द्वारा संजय सिंह का पेंशन के संबंध में राज्यसभा में जोर शोर से उठाकर सरकार को घेरने के लिए उनका अभिनन्दन किया। उन्होंने धरनारत कर्मियों के बीच अपने उद्बोधन में कहा कि कोई विधायक या सांसद, मंत्री केवल 40 दिन ही यदि चुन लिया जाता है तो उसे जीवन पर्यंत पेंशन और अन्य सुविधाएं मिलने लगती हैं, लेकिन क्या मजाक है कि 40 वर्ष की लगातार सेवा करने के बाद भी पेंशन से वंचित है। पेंशन सरकार द्वारा दी जाने वाली भीख नहीं, बल्कि ये उनका अधिकार है।