
मेरठ। बुधवार की रात 12 बजे से प्रदेश के 15 जिलों को पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा। इन जिलों में मेरठ को भी शामिल किया गया है। मेरठ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 34 है, मेरठ के जिन इलाकों को सील किया जाएगा उनमें थाना लिसाडी गेट, थाना ब्रह्मपुरी, मवाना, किठौर, सरधना, सिविल लाइन, लालकुर्ती, सदर बाजार के इलाके शामिल हैं। इन इलाकों को पूरी तरह से सील किया जाएगा। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों को चिन्हित करने का काम चल रहा है। समीक्षा के बाद उन पर भी फैसला लिया जाएगा।
सरकार के फैसले के बाद जोन के अधिकांश जिलों को कोरोना वायरस की दृष्टि से संवेदनशील माने जा रहे क्षेत्रों को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। ऐसे में क्षेत्र में सब्जी, राशन और दूध की दुकानें भी बंद रहेंगी। केवल मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। वहीं जरूरी काम के लिए लोग बिना पास के सड़क पर नहीं निकल पाएंगे। बता दें कि मेरठ में इस समय 474 जमाती निगरानी में हैं। इनमें 313 निजामुद्दीन से आए हुए हैं। इनमें अब तक 14 पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इन सभी जमातियों को सुभारती, जैन कॉलेज सरधना, एपीएस कॉलेज, शेल्टर होम परतापुर, पीएचसी, सलमानी मस्जिद खिवाई, अक्सा मस्जिद खिवाई, हमज़ा मस्जिद हर्रा, नूर मस्जिद हर्रा, मकई मस्जिद हर्रा जली कोठी मस्जिद आदि में क्वारंटाइन किया गया है।
मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद ताला फैक्टरी इलाके में निजामुद्दीन मरकज से लौटे 11 जमातियों को पुलिस ने उठाया। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जांच के बाद क्वारंटाइन कराने के लिए भेज दिया। अभी अन्य जमातियों की तलाश जारी है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि सील करने वाले इलाकों को चिन्हित किया जा रहा है। शासन से आदेश आने के बाद तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की पूरी तैयारी है।
Published on:
8 Apr 2020, 4:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.