मेरठ। मेरठ कैंट के एएसपी सूरज राय सोमवार देर रात एक आम आदमी की तरह रोडवेज के सामने स्थित होटलों में पहुंचे और कई होटलों से शराब की बोतले खरीदी। एएसपी शराब की बोतलें खरीदते रहे और कोई उन्हें पहचान नहीं सका। कई होटलों से शराब खरीदने के बाद एएसपी अपने कार्यालय पहुंचे और फिर उसके बाद सदर थाना पुलिस के साथ सभी होटलों में एकसाथ छापेमारी की। होटलों पर पुलिस की एक साथ देर रात छापेमारी के बाद हड़कंप मच गया। होटलों के कमरों का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। अधिकांश होटलों के कमरों में बार जैसा नजारा था। कमरों में शराब पार्टी चल रही थी और लोग आराम से शराब का मजा ले रहे थे। पुलिस की इस छापेमारी से रोडवेज से लेकर बेगमपुल तक स्थित दर्जनों होटलों में हड़कंप मच गया। कुछ तो अपने प्रतिष्ठान छोड़कर भाग खड़े हुए।