
मेरठ। दिल्ली में गुरू रविदास मंदिर तोड़े जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। यह मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के दलितों में मंदिर तोड़े जाने से रोष है। जिसको लेकर मेरठ में जगह-जगह दलित प्रदर्शन कर रहे हैं। दलितों के संगठन ब्लू पैंथर ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर बड़ी संख्या में दलितों से दिल्ली कूच करने का आह्वान किया है। प्रदर्शन में काफी संख्या में दलित युवा एकत्र हुए।
21 अगस्त को दिल्ली की तैयारी
ब्लू पैंथर संगठन को भीम आर्मी का भी समर्थन प्राप्त है। दोनों ही संगठन आगामी 21 अगस्त को दिल्ली कूच की तैयारी में जुटे हैं। दलित संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर खुफिया जांच एजेंसी भी सतर्क हो गई हैं। जिसके कारण दलित नेताओं और संगठन में सक्रिय रूप से काम रहे कार्यकर्ताओं पर भी नजर रखी जा रही है। ब्लू पैंथर संगठन के डा. सुशील गौतम ने बताया कि भाजपा सरकार में दलित हितों की उपेक्षा की जा रही है।
ब्लू पैंथर ने भाजपा पर उतारा गुस्सा
उन्होंने कहा कि दलित स्मारकों और दलितों के मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। भाजपा ऐसे काम कर रही है, जिससे कि दलित भड़क उठें और क्रोध में आकर कोई ऐसा काम करें, जिससे उनको कार्रवाई का मौका मिल जाए। लेकिन ऐसा होगा नहीं। दलित अब किसी राजनीतिक संगठन के साथ नहीं बल्कि अपनी लड़ाई अब खुद लड़ेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ से करीब डेढ़ सौ बसों में भरकर दलित दिल्ली की ओर कूच करेंगे। गांव और कस्बों से भी बड़ी संख्या में दलित युवा दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सहारनपुर से भीम आर्मी के कार्यकर्ता दलितों के साथ दिल्ली के लिए और मेरठ से ब्लू पैंथर के नेतृत्व में दलित दिल्ली कूच करेंगे। जहां पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और धरना देकर गुरू रविदास मंदिर को तोड़े जाने का विरोध किया जाएगा।
Published on:
20 Aug 2019, 1:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.