इस भाजपा नेता के बिगड़े बोल, इंस्पेक्टर को सुनार्इ खरी-खोटी, पुलिस अफसरों ने कहा- जांच के बाद करेंगे कार्रवार्इ, देखें वीडियो
मेरठ। मेरठ के अधिकारियों के साथ बदमिजाजी को लेकर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा का एक और वीडियो वायरल हुआ है। मेरठ से चर्चित बीजेपी नेता कमल दत्त शर्मा ने इस बार इंस्पेक्टर सदर को धमकाया है। वीडियो को लेकर भाजपा नेता कटघरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में भाजपा नेता इंस्पेक्टर सदर को चेतावनी भरे लहजे में हिंदुओं का ध्यान रखने के लिए कह रहे हैं और मुकदमा खत्म कराने की पैरवी करते दिखाई दे रहे हैं। इंस्पेक्टर सदर चुपचाप खड़े होकर भाजपा नेता की बात सुन रहे हैं। मेरठ पुलिस इस मामले में बैकफुट पर है। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
मामला रोडवेज बस स्टैंड के पास का है। जहां पर तीन दिन पहले एक बस ने मासूम बच्चे को कुचल दिया था। हादसे में मासूम बच्चे की मां का एक हाथ भी जख्मी हो गया। इस हादसे पर जमकर बवाल भी हुआ और नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ और हंगामा भी किया था। पुलिस ने इस मामले में अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हुआ है। भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा इसी मामले में उपद्रवियों की पैरोकारी करने सदर बाजार थाना पहुंचे थे। थाना पहुंचे भाजपा नेता को जब इंस्पेक्टर सदर बाजार नहीं मिले तो उन्होंने फोन पर ही उन्हें धमकाया। इंस्पेक्टर जब थाने पहुंचे तो कमल दत्त शर्मा ने उनसे कहा कि इंस्पेक्टर साहब हिंदुओं का भी ध्यान रख लो। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस वीडियो में कमलदत्त शर्मा पहले खड़े होकर इंस्पेक्टर को धमकाने के अंदाज में बात करते नजर आ रहे हैं।
भाजपा नेता के रसूख के सामने झुके हुए इंस्पेक्टर उन्हें बैठने के लिए आमंत्रित करते हैं। दोनों जब आमने-सामने कुर्सियों पर बैठ जाते हैं तब भी भाजपा नेता इंस्पेक्टर को धमकाते रहते हैं। भाजपा नेता इंस्पेक्टर को यह भी कह रहे हैं कि अगर उन्हें बार-बार थाने आने को मजबूर किया गया तो ठीक नहीं होगा। बीजेपी नेता इंस्पेक्टर को खरी-खोटी सुनाते हैं और इंस्पेक्टर की दलीलें इस दौरान दबकर रह जाती हैं। इंस्पेक्टर चुपचाप भाजपा नेता की बातें सुनते रहते हैं और बाद में नेता उन्हें मुकदमा वापस लेने का आश्वासन भी देते हैं। घटना के बारे में एसपी सिटी रणविजय सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए उनको इस घटना की जानकारी मिली है। एक वीडियो भी देखा गया है। फिलहाल पुलिस इस वीडियो की जांच करा रही है। जांच के बाद जो तथ्य होंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।