दरअसल, कैराना लोकसभा उपचुनाव में रालोद की जीत अजित सिंह और उनके पुत्र जयंत चौधरी के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। यही वजह है कि जीत की खूशी का इजहार करने के लिए अजित सिंह ने कैराना में ही महागठबंधन के लिए जश्न का ऐलान किया है। हालांकि, अभी इस जश्न की तारीख की कोई घोषणा नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि ईद के बाद जून के अंतिम सप्ताह में रालोद इस महाआयोजन को करेगा। रालोद के इस महाआयोजन को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से जब पत्रिका ने बात की तो उनका कहना था कि जो खत्म हो चुका हो, उसके बारे में क्या बात करनी। लेकिन 2019 के प्रस्तावित महागठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि रालोद के मुखिया अजित सिंह 2019 को लेकर जो सपना देख रहे हैं, वह हकीकत में पूरे होने वाले नहीं है। रालोद को कैराना गठबंधन की बैसाखी के सहारे मिला है। गठबंधन ने जो बैसाखी उन्हें अभी दी है, वह उनसे 2019 में छीन लेगा। तब क्या करेंगे।