
खेल-खेल में हुआ कुछ ऐसा कि चली गई छोटे भाई की जान
मेरठ. भावनपुर में दो भाइयों के बीच चल रहा मजाक एक भाई की मौत का कारण बन गया। दरअसल, बड़े भाई ने छोटे भाई को धक्का दिया तो उसके पेट में दराती घुस गई। पेट में दराती घुसने से घर में कोहराम मच गया। दर्द से तड़पते युवक लेकर बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुबारिकपुर निवासी सतवीर के अनुसार, सोमवार की सुबह वह अपने घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके बड़े पुत्र हरीश ने कुर्सी पर बैठे अपने छोटे भाई रोहित को मजाक-मजाक में धक्का दे दिया। जैसे ही रोहित कुर्सी सहित नीचे गिरा तो जमीन पर रखी दराती रोहित के पेट में घुस गई। पहले तो युवक कुछ देर ऐसे ही पड़ा रहा तो भाई ने समझा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन जब फर्श पर खून बहता देखा तो उसकी जान जैसे हलक में आ गई। बदहवास परिजन रोहित को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के बाद गांव में पहुंची पुलिस ने रोहित (24) के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतक के पिता ने थाने में हादसे की तहरीर दी है।
अवैध संबंध और मुफलिसी के चलते बड़े भाई ने किया कत्ल
उधर, घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि करीब चार माह पूर्व सतवीर की पत्नी की कैंसर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से उसका परिवार कर्ज में दबा था और कर्ज चुकाने को लेकर हरीश व रोहित के बीच अक्सर विवाद रहता था। सोमवार को रोहित बाइक लेकर कहीं जा रहा था, जिस पर उसका अपने भाई हरीश से विवाद हो गया है। आरोप है कि इसी दौरान हरीश ने रोहित के पेट में तलवार घोंप दी। वहीं, रोहित के अपने ही परिवार की एक महिला से अवैध संबंधाें को लेकर भी दोनों भाइयों के बीच विवाद की बात कही जा रही है। एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
Published on:
19 Jun 2018, 1:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.