
मेरठ। बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का रास्ता रोककर भिड़ने वाले रिटायर्ड सिपाही चहन सिंह ने अब भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चहन सिंह बिजली की अंधाधुंध बढ़ी दरों को वापस लेने, प्रीपेड मीटरों को हटाने, दो बच्चों का कानून बनाने तथा व्यापार आयोग के गठन की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। चहन सिंह बालियान उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने गुरुवार को कमिश्नरी पार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। चहन सिंह का कहना है कि मांगें पूरी होने पर ही भूख हड़ताल समाप्त होगी, अन्यथा यहीं जान दे देंगे।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ चहन सिंह सुबह 11 बजे कमिश्नरी पार्क में अनिश्चतकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गये। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए धीरज गोयल, तरूण खटीक, इरशाद सैफी, डा. शोएब खान, आशीष और विजय पटेल आदि ने कहा कि बिजली चोरी विभागीय अधिकारी कर्मचारी करा रहे हैं। विभागीय कर्मियों के घरों में बिजली का दुरुपयोग हो रहा है। प्रीपेड मीटर जेब पर डकैती डाल रहा है। चहन सिंह ने कहा कि चारों मांगें पूरी होने पर ही धरना खत्म होगा। आंदोलन को किसान महक सिंह, सुरेंद्र, सुमित कसाना ने भी समर्थन दिया। चहन सिंह ने कहा कि वे तब तक भूख हड़ताल पर रहेंगे जब तक कि उनकी मांगें मानी नहीं जाती है। उन्होंने कहा कि बिजली के चाइनीज मीटर आज रेलगाड़ी की स्पीड से भी तेज भाग रहे हैं। जनता इन मीटरों से त्रस्त है। आज बिजली का बिल इतना बढ़कर आ रहा है कि लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ये जनता की मांगें हैं, जिनको लेकर वे भूख हड़ताल कर रहे हैं।
Published on:
27 Sept 2019 01:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
