
रुपये के लेन-देन के विवाद में साम्प्रदायिक तनाव, जाम लगा रहे लोगों ने पुलिस से भी की हाथापार्इ, फोर्स तैनात
मेरठ। मेरठ का प्रमुख बाजार हापुड़ अड्डा स्थित भगत सिंह बाजार में सांप्रदायिक बवाल हो गया। वाल्मीकि और मुस्लिम युवकों के बीच रूपये के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। वाल्मीकि समाज के युवकों ने मुस्लिम समाज के युवक की दुकान में तोड़फोड़ कर डाली। इसके बाद नाराज मुस्लिम समाज के लोगों ने हापुड़ अड्डे पर जाम लगा दिया। वहीं पुलिस से भी हाथापाई की। लावारिस बाइक को पुलिस जब वाहन में लदवाकर थाने भिजवाने लगी तो लोगों ने इसका विरोध किया और बाइक को पुलिस से हाथापाई कर नीचे उतार लिया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी रणविजय सिंह ने जाम खुलवाने के प्रयास किए, लेकिन मुस्लिम समाज के लोग जाम खोलने के लिए तैयार नहीं थे। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना था कि पहले वाल्मीकि युवकों पर कार्रवाई की जाए उसके बाद ही जाम खोला जाएगा, लेकिन एसपी सिटी ने जब कार्रवाई की बात कही तो मुस्लिम समाज के लोग जाम खोलने को तैयार हो गए।
मामला भगत सिंह मार्केट के उजाला कांपलेक्स का है। गोला कुआं स्थित वाल्मीकि सफाईकर्मी अंकुश भगत सिंह मार्केट के उजाला कांपलेक्स में सफाई का काम करता है। अंकुश के अनुसार कांपलेक्स के सभी लोग समय से उसका रूपया दे देते हैं, लेकिन कांपलेक्स की पहली मंजिल पर चाय बेचने वाला सब्जी मंडी निवासी शाहरुख उसको रूपये देने में आनाकानी करता है। इस बार भी शाहरूख के ऊपर उसका कई महीनों से रूपया बकाया है। जो मांगने पर देने से मना कर देता है। रविवार को सुबह वह जब अपने रूपये मांगने गया तो उसने देने से मना कर दिया। आरोप है कि चाय की दुकान पर खड़े कुछ युवकों ने आसपास की दुकान पर खरीदारी कर रही महिलाओं से छेड़छाड़ की। जिसका विरोध अंकुश ने किया।
इसी बात को लेकर अंकुश की शाहरुख और उसके दोस्तो से कहासुनी हो गई। शाहरूख ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अंकुश की पिटाई कर दी। इसके बाद अंकुश अपने मोहल्ले पहुंचा और यह बात साथियों को बतायी। इसके बाद अंकुश पक्ष ने शाहरुख की दुकान में पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी। वहीं, शाहरुख और उसके साथियों व आसपास के दुकानदारों ने मिलकर अंकुश व उसके साथियों को दौड़ाकर पीटा। इसके बाद उजाला कांपलेक्स और भगत सिंह मार्केट में अफरा-तफरी मच गई।
सांप्रदायिक बवाल की सूचना से दुकानों के शटर गिर गए। उजाला कांपलेक्स के दुकानदार दुकानें बंदकर नारेबाजी करते हुए हापुड़ स्टैंड चाैराहे पर पहुंच गए। जहां उन्होंने जाम लगा दिया। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एक कंपनी पीएसी भी बुला ली गई। पुलिस जाम में खड़ी की गई बाइक को जब हटाने के लिए आगे आई तो लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि दो पक्षों मे रूपये को लेकर विवाद है। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
20 Jan 2019, 10:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.