
मेरठ। प्रदेश और मेरठ जिले में बढ़ते अपराधों और महिला असुरक्षा, किसानों के बकाया गन्ना भुगतान और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में मवाना तहसील परिसर पर कांग्रेसियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मोगा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को विभिन्न समसयाओं को लेकर ज्ञापन भेजा।
मुख्यमंत्री को अपने प्रदेश की खबर नहीं
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने कहा कि अब भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल बज चुका है। कांग्रेस अब जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मोगा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश की कोई चिन्ता नहीं है न ही प्रदेश की कोई खबर है, लेकिन वह दूसरे प्रदेशों में प्रचार करने जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए कि पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि हो रही है। महंगाई बढ़ती जा रही है। प्रदेश और देश में जनसमस्याएं फैली हुई हैं इस पर भाजपा का कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि चीनी मिले बंद हो गई और किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है। किसानों के गन्ने का पूरा भुगतान अभी नहीं हुआ है। आए दिन किसान खुदकुशी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था खराब हो गई है। भाजपा के विधायक कोई न कोई ऐसा काम रोजाना कर रहे हैं जिससे अपराध की घटनाएं सामने आ रही है। जनता में भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश है।
सरकार में सर्वाधिक उत्पीड़न महिलाओं का
अध्यक्ष मोगा ने कहा कि भारत सरकार का नारा 'बेटी बचाओ-बेटी पढाओ' के नारे का मजाक उड़ रहा है। प्रदेश और देश में सर्वाधिक उत्पीड़न महिलाओं का ही हो रहा है। आए दिन उनके साथ दुष्कर्म और छेड़छा़ड़ की घटनाएं हो रही है। इसके बाद भी सरकार कुछ नहीं कर रही। देश और प्रदेश में हर समाज और जाति का उत्पीड़न हो रहा है। इस दौरान राजेन्द्र जाटव और अयूब कालिया आदि भी उपस्थित रहे।
Published on:
15 May 2018, 7:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.