बीती नौ अगस्त को मेरठ के उल्देपुर गांव में जातीय संघर्ष हो गया था। यह संघर्ष बाद में मारपीट में बदल गया था, जिसमें एक दलित युवक रोहित की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद दलितों ने शव को चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस ने शव को जबरन पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतक रोहित के पिता देवेन्द्र ने गांव के ही ठाकुर बिरादरी के नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दूसरे दिन ठाकुर बिरादरी ने मेरठ कमिश्नरी में पंचायत कर डीएम और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा था जिसमें मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी। घटना के चार दिन बाद ही ठाकुर पक्ष की ओर से दलित पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें मृतक युवक रोहित और उसके पिता देवेन्द्र का भी नाम था। इसके बाद पीड़ित परिवार और दलितों का आक्रोश भड़क गया था। जिस पर बीती 20 अगस्त को भी कमिश्नरी में पंचायत की गई थी।