
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुजारी ने नशेड़ी युवकों को मंदिर से हफ्ता देने से मना किया तो युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। युवकों ने पुजारी को मार-पीटकर घायल कर दिया। खून से लथपथ पुजारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मंदिर में पहुंचे तो आरोपी युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। लोगों ने घायल पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया है।
कई बार थाने में हो चुकी हैं शिकायत
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लोगों ने थाना टीपी नगर में हंगामा किया और पुजारी ने लिखित में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि मंदिर में आए दिन अराजकतत्वों का जमावड़ा रहता है इसके लिए वे कई बार थाने में शिकायत कर चुके हैं लेकिन थाना स्तर से आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे अराजकतत्वों के हौसले बुलंद हैं।
शराब पीने का विरोध करना पुजारी को पड़ा मंहगा
थाना टीपी नगर क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में शिव मंदिर है। जहां पर नरेंद्र पुजारी हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रहने वाला बंटी उनसे शराब के लिए रुपये मांगने आया था। मना करने पर चला गया था, लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ शराब लेकर पहुंचा और मंदिर परिसर में बैठकर शराब पीने लगा। पुजारी नरेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो बंटी ने अपने साथियों के साथ पुजारी पर हमला कर दिया।
शराब के लिए दुकानदारों से भी मांगता है रुपए
मेरठ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि आरोपित बंटी दुकानदारों से शराब पीने के लिए रुपये मांगता है। नहीं देने पर मारपीट पर उतारू हो जाता है। पहले भी कई बार वह हमला कर चुका है। इस दौरान पंकज, दीपक, सुरेंद्र, अंकुर, मंगल आदि मौजूद रहे। थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
BY: KP Tripathi
Published on:
8 Sep 2021, 1:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.