
मेरठ। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अनुच्छेद 370 का हटाया जाना राजनीति का मुद्दा नहीं है। एक देश में दो झंडे नहीं हो सकते। इसलिए इस पर चर्चा करना अनुचित है। ये राष्ट्रीय हित में लिया गया फैसला है। डिप्टी सीएम ने कहा कि योगी सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में जुटी हुई है। महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन को बहुमत मिला है, वहां भजपा की अगुवाई में सरकार बनेगी।
बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इनर रिंग रोड के सवाल पर कहा कि प्रत्येक माह यूपी पीडब्ल्यूडी और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की बैठक होती है। अगली बैठक 12 नवंबर को है, उसमें इस पर बात की जाएगी। अभी भी सड़कों पर बेसहारा गौवंश घूमने के सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार गौवंश को लेकर बेहद गंभीर है। बेहतर व्यवस्था की जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि दिवाली, होली किसी भी त्योहार पर बधाई देना गलत नहीं है। वैसे भी ये शिष्टाचार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता में है। उसी क्रम में सीएम योगी ने भी मुलायम सिंह यादव को शुभकामनाएं दी हैं।
Published on:
31 Oct 2019, 12:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.