
मेरठ। कमेटी के पैसे को लेकर आपस में विवाद होने पर युवक की हत्या कर दी गई। युवक टीपी नगर का रहने वाला था और हत्या कंकरखेड़ा में कर शव हो हाइवे के किनारे खेत में फेंक दिया गया। कंकरखेड़ा बाईपास पर शोभापुर के निकट एक खेत में ग्रामीणों ने एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा, तो हड़कंप मच गया। शव के पास एक बाइक भी पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच पड़ताल की, तो उसके चेहरे व शरीर के अन्य स्थानों पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से बरामद हुई बाइक के नंबर की जांच पड़ताल कर उससे मिले पते पर संपर्क करने पर टीपी नगर मलियाना के कुछ लोग मोर्चरी पहुंचे। शव को देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मलियाना निवासी मुरसलीम के रूप में की।
कमेटी की रकम लेने गया था
थाने पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि मुरसलीम पांचली में दर्जी का काम करता है वहीं पर उसकी दुकान भी है। परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक ने एक व्यक्ति के पास कमेटी डाली थी। जिसकी रकम अभी बकाया थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति रकम देने में आनाकानी कर रहा था। मुरसलीम उक्त व्यक्ति से रकम के तकादे की बात कहकर घर से रवाना हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः दवाइयां बेचने का लाइसेंस था, यहां काम होता मिला यह!
शव को सड़क पर रख लगाया जाम
युवक की हत्या के बाद परिजनों ने शव को बागपत रोड पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने आर्थिक मदद और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को समझाते हुए जाम खुलवाया। मुरसलीम के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद मृतक के भाई इसरार व पत्नी अफरोज सहित दर्जनों परिजन और क्षेत्रवासियों ने शव को बागपत रोड पर अंबेडकर धर्मशाला के सामने रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने जाम लगा रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। इसके चलते सड़क पर दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे सीओ ब्रहमपुरी को मृतक की पत्नी अफरोज ने बताया कि उसके दो बेटी और तीन बेटे हैं। कुछ समय बाद उसे बेटी अर्शी और अलीशा की शादी करनी है। उसने शासन से आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की। मृतक के भाई इसरार ने बताया कि मुरसलीम के जानी के किसी व्यक्ति पर कमेटी के एक लाख रुपये उधार थे। वह रुपये लेने जानी गया था। हालांकि परिजनों ने अज्ञात कातिलों के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों ने कत्ल के खुलासे की मांग की। सीओ ने घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया।
Published on:
16 Mar 2018, 11:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.